बड़खल औद्योगिक क्षेत्र में सीवर लाइन का कार्य जल्द शुरू होगा
फरीदाबाद के बड़खल औद्योगिक क्षेत्र में सीवर की समस्या से जूझ रहे उद्यमियों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम नई सीवर लाइन बिछाने जा रहा है, जिससे 100 से अधिक उद्यमियों को राहत मिलेगी। नई पाइपलाइन बिछने से स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। बड़खल औद्योगिक क्षेत्र में सीवर की समस्या से जूझ रहे उद्यमियों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम की ओर से क्षेत्र में जल्द नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसे लेकर नगर निगम की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। अगले महीने से पाइप लाइन बिछाने का कार्य चालू कर दिया जाएगा, जिससे 100 से अधिक छोटे-बड़े उद्यमियों को राहत मिलने की उम्मीद है। बड़खल क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां कई छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां और वर्कशॉप संचालित हैं।लेकिन सीवर व्यवस्था का काफी बुरा हाल है। वर्षों पहले पड़ी पुरानी अब क्षतिग्रस्त होने के कारण गलियों में आये सीवर ओवरफ्लो होकर बहता है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है।
साथ ही यहां काम करने वाले कर्मचारियों को असुविधा होती है। इसे लेकर उद्यमी कई बार नगर निगम से समाधान की मांग कर चुके हैं। समय पर पानी निकासी न होने से मशीनों और कच्चे माल को नुकसान पहुंचता है। नई सीवर लाइन बिछने से न केवल स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। सीवर नेटवर्क का किया जाएगा विस्तार नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बड़खल क्षेत्र में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत नई पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ पुराने और जर्जर हिस्सों की मरम्मत की जाएगी। कई जगहों पर सीवर की क्षमता कम होने के कारण ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है, जिसे दूर करने के लिए बड़े व्यास की लाइनें डाली जाएंगी। इसके अलावा मैनहोल और चैंबर की सफाई व्यवस्था को भी नियमित किया जाएगा ताकि भविष्य में समस्या दोबारा न खड़ी हो। बीमारियों का खतरा बढ़ा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. रमन पराशर ने कहा कि गंदे पानी और जलभराव से बीमारियां का खतरा काफी बढ़ जाता है। इससे सबसे ज्यादा डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और त्वचा संक्रमण का खतरा रहता है। बेहतर सीवरेज व्यवस्था से इन बीमारियों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्वच्छता स्तर सुधरने से क्षेत्र की छवि भी बेहतर होगी और संपत्ति मूल्यों में वृद्धि की संभावना बनेगी। स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि बरसात आते ही हमारे घरों के सामने गंदा पानी भर जाता है। बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो जाता है। यदि यह समस्या स्थायी रूप से हल हो जाती है तो यह हमारे लिए बड़ी राहत होगी। वहीं उद्योगपति अनिल गोयल ने कहा कि सीवरेज की खराब हालत के कारण कई बार उत्पादन रोकना पड़ता है। नई लाइनें बिछने से उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा। योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले उन इलाकों में काम शुरू होगा जहां जलभराव और ओवरफ्लो की शिकायतें सबसे अधिक हैं। इसके बाद पूरे क्षेत्र में नेटवर्क को जोड़कर एक समग्र समाधान तैयार किया जाएगा। नागरिकों और उद्योगों से भी सहयोग की अपेक्षा है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान होने वाली असुविधा को सहन करते हुए परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके। -ओमबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


