
पांच गांवों के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी
फरीदाबाद के पांच गांवों नीमका, बड़ौली, लक्कड़पुर, भाकरी और तिलपत में उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 25275000 रुपये का बजट मंजूर किया है। इन केंद्रों से ग्रामीणों को छोटे-मोटे रोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिलेगा, जिससे उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं जाना पड़ेगा।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट सिटी के पांच गांवों के ग्रामीणों को उपचार सुविधा के लिए नजदीकी सामुदायिक या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला स्वास्थ्य विभाग जल्द ही नीमका, बड़ौली, लक्कड़पुर, भाकरी और तिलपत गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र बनवाएगा। इन पांचों गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन तैयार करने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय ने 25275000 बजट मंजूर किया है। प्रत्येक उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर 50.55 लाख रुपये खर्च होंगे। इन स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण अर्बन लोक बॉडी को करवाना है। इनके निर्माण के जल्द ही टेंडर भी जारी होंगे। उप स्वास्थ्य केंद्र बनने के बाद यहां पर एक चिकित्सक अपनी सेवाएं देगा, जो ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श देंगे।
इसके साथ ही दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रामीणों को सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार जैसी छोटी बीमारियों के लिए सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा सबसे अधिक लाभ इन गांवों की गर्भवतियों को भी होगा। उप स्वास्थ्य केंद्रों का भवन तैयार होने के बाद यहां पर गर्भवतियां का टीकाकरण किया जाएगा। इसके अलावा शिशुओं का भी टीकाकरण होगा। वहीं जननी मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत शिविर भी आयोजित होंगे। इसमें गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड के निजी लैब पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। अभी इन सब सुविधाओं को लेने के लिए महिलाओं को सामुदायिक या फिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाना पड़ता है। वहीं इन केंद्रों के बनने से स्वास्थ्य विभाग एक बड़ी आबादी को कवर कर सकेगा। स्वास्थ्य विभाग की पहुंच उन क्षेत्रों में आसानी हो जाए, जो उसकी पहुंच से दूर हैं। इन क्षेत्रों में ईंट भट्टे, ढांणी, निर्माणाधीन सोसाइटी, खेतों में काम करने वाले लोग आदि शामिल हैं। इन उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए बजट जारी हो चुका है। दो से तीन सप्ताह में टेंडर भी जारी कर दिए जाएंगे। यह उप स्वास्थ्य केंद्र नीमका, बड़ौली, लक्कड़पुर, भाकरी और तिलपत में बनाए जाने हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक बेहतर होंगी। -डॉ. एमपी सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




