चॉकलेट के बहाने बच्ची को अगवा कर मार डाला, दुष्कर्म की आशंका

चॉकलेट के बहाने बच्ची को अगवा कर मार डाला, दुष्कर्म की आशंका

संक्षेप:

फरीदाबाद के हरकेश नगर में एक 27 वर्षीय युवक ने चॉकलेट खिलाने के बहाने पांच वर्षीय बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने बच्ची की हत्या करना कबूल कर लिया और शव नहर किनारे झाड़ियों में मिला। मामले की जांच जारी है।

Dec 09, 2025 11:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद। पल्ला के हरकेश नगर में एक पड़ोसी युवक ने चॉकलेट खिलाने के बहाने पांच वर्षीय नर्सरी कक्षा की छात्रा को अगवा कर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया। बाद में पुलिस ने देर रात तक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाशी अभियान चलाकर आरोपी को हरकेश नगर से गिरफ्तार कर लिया। मासूम के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मुताबिक, हरकेश नगर निवासी पांच वर्षीय बच्ची सोमवार शाम को अपने घर के आस-पास खेल रही थी। करीब 4:30 बजे खेलते हुए गायब हो गई। शाम को बच्ची की मां छत पर थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जब वह नीचे आई तो देखा कि बच्ची गायब है। बच्ची के पिता अपने कमरे में सोए हुए थे। बेटी के गायब होने का पता चला तो वे आस-पड़ोस के लोगों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश करने लगे। कुछ पता न चलने पर उन्होंने रात करीब 8:00 बजे इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद बच्ची को खोजना शुरू किया। फिर भी बच्ची का कुछ पता नहीं चला। अंधेरा होने के बाद बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल उषा ने सेंट्रल पुलिस जोन के सभी एसएचओ को बच्ची को तलाशने के लिए हरकेश नगर भेज दिया। वहीं अपराध जांच शाखा की कई टीमें भी वहां पहुंच गईं। एसीपी ओल्ड फरीदाबाद संजीव कुमार और एसीपी क्राइम टू वरुण दहिया ने वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पता चला कि पड़ोस में रहने वाला 27 वर्षीय पिंटू नामक युवक बच्ची को ले जाता हुआ दिख रहा है। इस पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर उपरोक्त युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बच्ची की जानकारी होने से इनकार कर दिया। जबकि फुटेज में आरोपी बच्ची को झाड़ियों में ले जाता हुआ दिख रहा था, लेकिन फुटेज धुंधली होने से पुलिसकर्मियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। शव नहर किनारे झाड़ियों में मिला पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने सोमवार देर रात बच्ची की गला घोंटकर हत्या करना कबूल कर लिया। यह सुनकर पुलिसकर्मी हक्के-बक्के रह गए। उसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों को आगरा नहर किनारे हरकेश नगर की झाड़ियों में ले गया। वहां से आरोपी ने बच्ची का शव बरामद करवा दिया। वहीं उसके मुंह में भी भी कुछ ठूंसा हुआ था। पुलिस ने बच्ची के शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद पल्ला थाना पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर हत्या और अगवा करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने अपनी बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई थी। इंटरनेट कॉल कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास जब पुलिस आरोपी पिंटू से पूछताछ करने में जुटी हुई थी तो पल्ला थाना एसएचओ के मोबाइल पर इंटरनेट कॉल कर एक शख्स खुद बच्ची को अगवा करने की जिम्मेदारी ले रहा था। आरोपी का कहना था कि उसने हिसार में भी बच्चियों को अगवा किया हुआ है। इस दौरान वह हिरासत में लिए गए आरोपी को छोड़ने के लिए कह रहा था। इससे पुलिस का शक और बढ़ गया। इस पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया था। अब पुलिस थाना एसएचओ को इंटरनेट कॉल कर पुलिस जांच को गुमराह करने वाले आरोपी की तलाश कर रही है। पड़ोस में रहता है आरोपी आरोपी मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के हमजापुर गांव का रहने वाला है। वह दो बच्चों का पिता है। आरोपी बच्ची के पड़ोस में किराए पर रहता था। आरोपी हरकेश नगर इलाके में रबड़ के उत्पाद बनाने वाली एक फैक्टरी में हेल्पर के तौर पर नौकरी करता था। आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। आरोपी को नशे का आदी बताया जा रहा है। आरोपी की पत्नी और बच्चे भी करीब दो माह पहले उसे छोड़कर चले थे। फिलहाल वह अकेला रहता था। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं। -संजीव कुमार, एसीपी, ओल्ड फरीदाबाद