मां कालरात्रि की पूजा कर यश और वैभव का वर मांगा
फरीदाबाद में शारदीय नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की पूजा की गई। भक्तों ने अनुष्ठान किए और मां से यश एवं वैभव की प्रार्थना की। मंदिरों में भीड़ उमड़ी और भोग प्रसाद वितरित किया गया।...

फरीदाबाद। शारदीय नवरात्र में सोमवार को मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की पूजा की गई। मंदिरों एवं घरों पर मां को प्रसन्न करने के लिए अनुष्ठान और मां दुर्गा के सप्तशती के पाठ किए गए। मंदिरों में दर्शन के लिए भी भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि की पूजा कर यश और वैभव का वर मांगा। इस बार एक तिथि दो दिनों के चलते शारदीय नवरात्र नौ के स्थान 10 दिनों के हैं। नवरात्र के आठवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की गई। मंदिरों एवं घरों में मां खीर एवं पंच मेवा से भोग लगाने के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
हार्डवेयर चौक के समीप स्थित प्राचीन शिव मंदिर के महंत पंडित सर्वेश पांडेय ने बताया कि मां कालरात्रि का शरीर अंधकार की तरह काला है। मां कालरात्रि के चार हाथ तीन नेत्र हैं। मां के बाल बड़े और बिखरे हुए हैं। माता के गले में पड़ी माला बिजली की तरह चमकती है। मां की श्वास से आग निकलती है। एक हाथ में माता ने खड्ग (तलवार), दूसरे में लौह शस्त्र, तीसरे हाथ वरमुद्रा और चौथे हाथ अभय मुद्रा में है। उन्होंने बताया कि माता कालरात्रि अपने उपासकों को काल से भी बचाती है। यानी उनकी अकाल मृत्यु नहीं होती। इनके नाम के उच्चारण मात्र से ही भूत, प्रेत, राक्षस और सभी नकारात्मक शक्तियां दूर भागती हैं। मां कालरात्रि दुष्टों का विनाश करने वाली है और ये ग्रह-बाधाओं को भी दूर करने वाली देवी हैं। इनके उपासक को अग्नि-भय, जल-भय, जंतु-भय, शत्रु-भय, रात्रि-भय आदि कभी नहीं होते। सभी व्याधियों और शत्रुओं से छुटकारा पाने के लिए माँ कालरात्रि की आराधना विशेष फलदायी होती है। अष्टमी पर होगा कंजक पूजन स्मार्ट सिटी में लोग अष्टमी को कंजक पूजन करके नवरात्र का समापन करते हैं, जबकि कुछ लोग नवमी के दिन नवरात्र का उद्यापन करते हैं। अब लोग घरों पर कंजक पूजन की तैयारी में जुटे हैं। उन्हें भोग प्रसाद देने के साथ उन्हें उपहार देकर विदा किया जाता है। इसके चलते स्मार्ट सिटी के बाजारों में कन्याओं को उपहार देने के लिए लोगों ने खरीदारी की। आज होगा माता का जागरण तिकोना पार्क स्थित श्री महारानी वैष्णोदेवी मंदिर और धोबी घाट स्थित सिद्धपीठ मां काली मंदिर में मां के भक्तों के लिए जागरण का आयोजन किया जाएगा। वैष्णोदेवी मंदिर में स्वामी बुद्धिराजा अपने स्वरों का जादू बिखेरेंगे। वहीं सिद्धपीठ मां काली मंदिर में माता के जागरण के अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि होंगे। वहीं विधायक सतीश फागना व धनेश अलखा विशिष्ट अतिथि होंगे। जागरण रात नौ बजे से शुरू होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




