क्विज प्रतियोगिता में श्रीयांश झा प्रथम
फरीदाबाद में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में 'क्विजारिया' प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें श्रीयांश झा ने प्रथम और मुस्कान सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में 27 राज्यों से 300 मेडिकल छात्रों ने भाग लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता मेडिकल शिक्षा को सुदृढ़ करने में मददगार है।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इंडियन सोसाइटी ऑफ हेमेटोलॉजी एंड ब्लड ट्रांसफ्यूजन (आईएसएचबीटी) और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अखिल भारतीय स्नातक स्तर की प्री एवं पैरा-क्लिनिकल मेडिकल क्विज प्रतियोगिता ‘क्विजारिया’ का आयोजन किया गया। जिसमें श्रीयांश झा ने प्रथम, मुस्कान सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. कालिदास दत्तात्रेय चव्हाण ने किया। इस अवसर पर (आईएसएचबीटी) के अध्यक्ष ब्रिगेडियर डॉ. तथागत चटर्जी और आईएमए एमएसएन हरियाणा की चेयरमैन डॉ. पुनीता हसीजा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
इसके अलावा पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुक्ता पुजानी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिल्पी मोरे सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। क्विज प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। पहले ऑनलाइन चरण में देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से करीब 300 मेडिकल विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 31 प्रतिभागियों को ऑफलाइन फाइनल राउंड के लिए चुना गया। फाइनल में हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के छात्र शामिल हुए। प्रतियोगिता का मुख्य फोकस एमबीबीएस प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विषयों पर रहा, जिसमें विशेष रूप से पैथोलॉजी और हेमेटोलॉजी से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए। प्रतियोगिता में श्रीयांश झा पहले व मुस्कान सिंह दूसरे स्थान पर रही। वहीं आयुषी सिहाग ने तीसरे, साहिल आर्या चौथे और गुरप्रीत सिंह ने पांचवा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं मेडिकल शिक्षा के स्तर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


