नमो भारत की रफ्तार से फरीदाबाद को भी उम्मीद जगी

Feb 23, 2026 12:17 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद में नमो भारत रैपिड रेल परियोजना से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। एनसीआरटीसी ने दिल्ली से पलवल तक ट्रेन चलाने की दिशा में काम शुरू किया है। यह योजना 55 मिनट में 82.15 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम होगी, जिससे रोजाना एक लाख यात्रियों को राहत मिलेगी।

नमो भारत की रफ्तार से फरीदाबाद को भी उम्मीद जगी

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल के शुभारंभ के बाद अब फरीदाबाद के लोगों की उम्मीदें भी तेज हो गई हैं। दिल्ली से पलवल तक नमो भारत ट्रेन (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) चलाने की दिशा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने परियोजना पर काम तेजी से शुरू कर दिया है। फिलहाल इस महत्वाकांक्षी योजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम जारी है। अगले चरण में इस रूट पर काम शुरू होने की आस है, जिससे करीब एक लाख यात्रियों को राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई।

उन्होंने स्कूली बच्चों और डॉक्टरों के साथ सफर कर बातचीत भी की। दिल्ली से मेरठ के बीच 82.15 किलोमीटर की दूरी अब महज 55 मिनट में तय होगी। इस परियोजना की सफलता के बाद एनसीआर के अन्य शहरों में भी नमो भारत नेटवर्क के विस्तार की संभावनाएं तेज हो गई हैं, जिससे फरीदाबाद को जल्द बड़ा परिवहन तोहफा मिलने की उम्मीद बढ़ी है। दूसरी तरफ स्मार्ट सिटी में दिल्ली-नोएडा और गुरुग्राम के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का काफी अभाव है। गुरुग्राम जाने के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद के बीच सड़क मार्ग है। जिससे रोजाना 50 हजार नौकरीपेशा लोग कैब, बस व अपने वाहनों से आवाजाही करते हैं। लेकिन मेट्रो या रैपिड मेट्रो की कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में कॉल सेंटर व अन्य मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत महिलाओं को रात के समय कैब से आना-जाना पड़ता है, जो सुरक्षा के लिहाज से उनके लिए बिल्कुल सुरक्षित नहीं होते हैं। कई बार रात में महिलाओं के साथ घटनाएं भी हो चुकी हैं। हालांकि दोनों शहरों के बीच मेट्रो चलाने की लंबे समय से मांग की जा रही है। वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने घोषणा भी की थी। लेकिन यह योजना कागजों में सिमट कर रह गई। वहीं फरीदाबाद से नोएडा जाने के लिए भी कोई सीधी मेट्रो नहीं है। अब मेरठ में नमो भारत की शुरुआत से फरीदाबाद रूट का काम रफ्तार पकड़ने की उम्मीद बढ़ गई है। हाई-स्पीड नमो भारत चलाई जाएगी एनसीआरटीसी के अनुसार पहले चरण में हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन को फरीदाबाद तक चलाया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में परियोजना का विस्तार बल्लभगढ़ से आगे पलवल तक किया जाएगा। पलवल को इस आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर के दक्षिणी हिस्से को बेहतर कनेक्टिविटी देना है। इससे पलवल और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक, व्यावसायिक और रियल एस्टेट विकास को भी गति मिलेगी है। ट्रेन में मिलेगी विश्व स्तरीय सुविधाएं परियोजना के तहत नमो भारत ट्रेन पूरी तरह आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी। इसमें अत्याधुनिक कोच, स्वचालित सिग्नलिंग सिस्टम, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन बनाए जाएंगे। ट्रेन की अधिकतम गति करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे दिल्ली से फरीदाबाद और पलवल की दूरी करीब 20 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे रोजाना अप-डाउन करने वाले कर्मचारियों और छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। औद्योगिक निवेश बढ़ेगा उद्यमी राजीव चावला ने बताया कि फरीदाबाद के लिए यह परियोजना विशेष महत्व रखती है। औद्योगिक केंद्र होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम से आते-जाते हैं। नमो भारत ट्रेन शुरू होने से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सार्वजनिक परिवहन के उपयोग से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। आईएमटी के उद्यमी गौतम चौधरी ने कहा कि नमो भारत के चलने से शहर को नई रफ्तार मिलेगी। खास औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, जिसका सीधा लाभ शहरवासियों को होगा। एनसीआरटीसी अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि डीपीआर तैयार करने का काम लगभग पूरा हो गया है। केंद्र और संबंधित राज्य सरकारों से मंजूरी ली जाएगी। स्वीकृति मिलते ही भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।