वृद्ध महिला की हत्या में बेटा-बहू नामजद

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

बल्लभगढ़ के मच्छगर गांव में 65 वर्षीय ओमवती की संदिग्ध मौत के 12 दिन बाद पुलिस ने उसके बेटे और बहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच में पता चला है कि मुआवजे की रकम हड़पने के लिए बेटे-बहू ने हत्या की। मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच डीएलएफ कर रही है।

वृद्ध महिला की हत्या में बेटा-बहू नामजद

बल्लभगढ़, संवाददाता। मच्छगर गांव स्थित सेक्टर-67 में रहने वाली 65 वर्षीय ओमवती की संदिग्ध मौत के 12 दिन बाद पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके बेटे और बहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुआवजे की रकम हड़पने के लिए बेटे-बहू पर हत्या करने के आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंप दी गई है। पुलिस के अनुसार ओमवती अपने बड़े बेटे ललित और बहू पूनम के साथ सेक्टर-67 स्थित मकान नंबर-42 में रहती थी, जबकि छोटा बेटा अमित अपनी पत्नी ममता के साथ बल्लभगढ़ की भीकम कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है।

16 मार्च को दोपहर करीब एक बजे से तीन बजे के बीच ओमवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की सूचना सबसे पहले छोटी बहू ममता को शाम करीब चार बजे फोन पर मिली। सूचना मिलते ही ममता ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। ममता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी सास ने कुछ दिन पहले ही आशंका जताई थी कि मुआवजे की रकम को लेकर बड़ा बेटा और बहू उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आधार पर उसने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी थी।शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का था, लेकिन एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति साफ हो गई। रिपोर्ट में मिले तथ्यों के आधार पर थाना सदर पुलिस ने ओमवती के बड़े बेटे ललित और बहू पूनम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ को ट्रांसफर कर दी गई है। एसीपी अशोक कुमार ने बताया कि ओमवती हत्याकांड की जांच अब क्राइम ब्रांच डीएलएफ द्वारा की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई पूरी तरह सामने लाई जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।