खत्म करो इंतजार: उद्घाटन के पांच महीने बाद भी नहीं शुरू हुई ई-लाइब्रेरी

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद के सेक्टर-12 टाउन पार्क में बनी आधुनिक ई-लाइब्रेरी उपयोगिता में नहीं आई, छात्रों को कठिनाई का सामना है। बिल्डिंग तैयार होने के बावजूद संचालन की जिम्मेदारी तय नहीं होने से यह अब तक अनुपयोगी है।

खत्म करो इंतजार: उद्घाटन के पांच महीने बाद भी नहीं शुरू हुई ई-लाइब्रेरी

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। शहर के विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को आधुनिक अध्ययन सुविधा देने के उद्देश्य से बनाई गई सेक्टर-12 टाउन पार्क की ई-लाइब्रेरी उद्घाटन के पांच महीने बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार की गई इस हाईटेक लाइब्रेरी का भवन पूरी तरह तैयार है, लेकिन संचालन की जिम्मेदारी तय नहीं होने से यह अब तक यह ताले में बंद है, जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टाउन पार्क लगभग 43 एकड़ जमीन पर फैला हुआ स्मार्ट सिटी का सबसे बड़ा पार्क है। इस पार्क में रोजाना सैकड़ों लोग घूमने, पिकनिक मनाने व व्यायाम करने के लिए आते हैं।

ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन

पार्क में आने वाले लोगों को घूमने-फिरने के साथ पढ़ाई करने का बेहतर माहौल मिल सके, इसके लिए यहां पर लाइब्रेरी बनाने की योजना बनाई गई थी। पिछले साल बिल्डिंग तैयार हो गई थी और इसे लाइब्रेरी को आधुनिक ई लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया गया था। साल 2025 दिसंबर महीने के अंत में लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। लाइब्रेरी के उद्घाटन का श्रेय लेने की भी होड़ लगी रही। एक ही दिन में दो मंत्रियों ने बिल्डिंग का उद्घाटन किया। सुबह के समय प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने लाइब्रेरी का उद्घाटन किया और दोपहर को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। लाइब्रेरी का उद्घाटन हो गया, लेकिन अभी तक इसके संचालन की जिम्मेवारी किसी को नहीं सौंपी गई है।

लाइब्रेरी की बिल्डिंग

ऐसे में उद्घाटन होने के बाद भी लाइब्रेरी बंद पड़ी हुई है और यहां पर कोई भी किताबें पढ़ने के लिए नहीं आता है। उद्घाटन के करीब पांच महीने बाद भी लाइब्रेरी के दरवाजे बंद ही रहते हैं। दावा किया गया था कि यह प्रदेश में अपनी तरह की पहली हाईटेक ई लाइब्रेरी होगी, लेकिन इस हाईटेक लाइब्रेरी का लाभ लोगों को मिल ही नहीं पा रहा है।

लाइब्रेरी का निर्माण

जिस तरह लाइब्रेरी के संचालन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, उसी तरह इसकी बिल्डिंग तैयार होने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। लाइब्रेरी के भवन का शिलान्यास 25 दिसंबर 2018 में उस समय के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया था। उस समय कहा गया था कि लाइब्रेरी को अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में तैयार किया जा रहा है। लाइब्रेरी को पहले कमल के फूल के आकार का बनाने की योजना था, लेकिन बाद में डिजाइन को बदला गया। डिजाइन व एस्टिमेट आदि तैयार होने के बाद सितंबर 2019 में निर्माण कार्य शुरू किया गया था। कोरोना, बजट के अभाव व अन्य कारणों के चलते लाइब्रेरी का काम लंबे समय तक प्रभावित रहा।

सरकार का दावा

लाइब्रेरी में पढ़ाई का हॉल, व्यक्तिगत अध्ययन कक्ष, ग्रुप डिस्कशन रूम बनाया गया है। इसमें करीब 200 लोग एक साथ बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। छात्र यहां पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें, उसी के हिसाब से इसका वातावरण तैयार किया गया है।

संचालन की जिम्मेदारी

संचालन की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसई संदीप दहिया ने कहा कि लाइब्रेरी का भवन तैयार करने तक हमारा काम सीमित था, जो पूरा हो चुका है। अब लाइब्रेरी में हमारा कोई काम बाकी नहीं है। संचालन का जिम्मा एचएसवीपी के पास नहीं है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या फरीदाबाद के सेक्टर-12 टाउन पार्क में बनी ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन हो चुका है?
हाँ, फरीदाबाद के सेक्टर-12 टाउन पार्क में बनी ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन हो चुका है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।