नवनिर्मित मोहना बस अड्डा पर लटका ताला
गांव मोहना में करीब एक वर्ष पहले तैयार हुआ आधुनिक बस अड्डा अब भी उद्घाटन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण बंद पड़ा है। यात्रियों को सुविधाओं के अभाव में समय बिताना पड़ रहा है। बस अड्डा बनकर तैयार हो गया है, लेकिन इसका संचालन अभी तक शुरू नहीं हुआ है।

बल्लभगढ़, अशोक जैन। गांव मोहना में करीब एक वर्ष पहले तैयार हुआ आधुनिक बस अड्डा अब भी उद्घाटन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण बंद पड़ा है। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस बस अड्डे पर आज भी ताला लटका हुआ है, जबकि यात्रियों और बस चालकों को खुले आसमान के नीचे ही सुविधाओं के अभाव में समय बिताना पड़ रहा है। बस अड्डा बनकर तैयार होने के बावजूद रोडवेज विभाग ने अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं किया है, जिसके चलते ग्रामीणों में निराशा है। गौरतलब है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करीब छह वर्ष पहले मोहना में बस अड्डा बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद हरियाणा रोडवेज प्रशासन ने जनवरी 2023 में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को बस अड्डे के निर्माण के लिए 3 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अप्रैल 2025 में बस अड्डे की इमारत पूरी तरह तैयार हो गई, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद इसका उपयोग शुरू नहीं हो सका।
सरकारी और निजी बसों की समस्या
जानकारी के अनुसार सरकार द्वारा स्वीकृत 3 करोड़ 16 लाख रुपये में से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये भवन निर्माण पर खर्च किए गए, जबकि लगभग 50 लाख रुपये सिविल एवं इलेक्ट्रिकल कार्यों पर लगाए गए। इसके बावजूद यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बस अड्डे के निर्माण से उन्हें बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उद्घाटन और संचालन में हो रही देरी के कारण सारी सुविधाएं कागजों तक सीमित होकर रह गई हैं।
यात्रियों को परेशानियों का सामना
खुले में खड़ी होती हैं बसें, यात्रियों को होती है परेशानी मोहना में बस अड्डा नहीं होने के कारण सरकारी और निजी बसें आज भी सड़क किनारे अथवा खुले स्थानों पर खड़ी की जाती हैं। यात्रियों को भी बसों का इंतजार खुले आसमान के नीचे करना पड़ता है। गर्मी, बरसात और सर्दी के मौसम में यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। पीने के पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस अड्डा शुरू हो जाए तो यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बसों का संचालन भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा। साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
आधुनिक सुविधाएं
आधुनिक सुविधाओं से लैस है बस अड्डा करीब एक एकड़ भूमि पर विकसित किए गए इस बस अड्डे को आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बस अड्डे में एक साथ तीन बसों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की सुविधा, कर्मचारियों के लिए कार्यालय, बड़ा हॉल, एटीएम और खान-पान की दुकानों के लिए स्थान भी बनाया गया है। इसके बावजूद यह पूरी व्यवस्था फिलहाल उपयोग से बाहर है।
भविष्य की संभावनाएं
जेवर एयरपोर्ट से भी बढ़ सकती है कनेक्टिविटी मोहना बस अड्डे का एक महत्वपूर्ण पहलू इसकी भौगोलिक स्थिति भी है। यहां से बनने वाले जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की दूरी लगभग 20 मिनट की बताई जा रही है। हालांकि वर्तमान में जेवर एयरपोर्ट के लिए कोई बस सेवा शुरू करने की विभागीय योजना नहीं है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में मांग बढ़ने पर ऐसी सेवा शुरू करने पर विचार किया जा सकता है। इससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी।
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रविंद्र ने बताया कि मोहना बस अड्डा अप्रैल 2025 में तैयार हो चुका है। इसे रोडवेज विभाग को सौंपने के लिए उनका विभाग पूरी तरह से तैयार है। बस अड्डा सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त है और इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उधर, हरियाणा रोडवेज के बिल्डिंग के प्रभारी करतार डागर का कहना कि बस अड्डे को शुरू करवाने के लिए आला अधिकारियों को चंडीगढ़ पत्र लिख चुके हैं। अभी तक कोई आदेश नहीं मिले हैं। जैसे ही आदेश मिलेंगे तो बस अड्डे को शुरू करवा दिया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


