
फिरोजपुर झिरका में मॉडल डिग्री कॉलेज बनेगा
संक्षेप: फरीदाबाद/नूंह में फिरोजपुर झिरका में युवाओं के लिए एक मॉडल डिग्री कॉलेज बनाया जाएगा। यह कॉलेज 8.62 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ भूमि पर बनेगा। कॉलेज में आधुनिक सुविधाएं जैसे स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, और स्पोर्ट्स सुविधाएं होंगी। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में सुविधा मिलेगी और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी।
फरीदाबाद/नूंह, वरिष्ठ संवाददाता। जिले के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। फिरोजपुर झिरका में युवाओं के लिए मॉडल डिग्री कॉलेज बनाया जाएगा। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। यह कॉलेज पांच एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। योजना पर 8.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से 15 माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिरोजपुर झिरका में सरकारी स्तर पर उच्च शिक्षण संस्थानों का काफी अभाव है, जिसके चलते छात्र-विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए फरीदाबाद, गुरुग्राम व दिल्ली का रुख करना पड़ता है या निजी संस्थानाें में पढ़ाई करनी पढ़ती है।

इससे विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ काफी बढ़ जाता है। विद्यार्थियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र में डिग्री कॉलेज बनाने की योजना तैयार की है। कॉलेज भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके। नए कॉलेज के बनने से नूंह और आसपास के ग्रामीण इलाकों के युवाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह और अवसर दोनों बढ़ेंगे। -- मॉडल कॉलेज की खासियत फिरोजपुर झिरका में बनने वाला यह मॉडल डिग्री कॉलेज आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। कॉलेज में स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, साइंस व कंप्यूटर लैब, गर्ल्स कॉमन रूम, स्पोर्ट्स सुविधाएं और ऑडिटोरियम जैसी व्यवस्थाएं होंगी। सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण के साथ यह कॉलेज ग्रामीण छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर देगा। -- कॉलेज में हरियाली बढ़ाई जाएगी योजना के तहत कॉलेज भवन का निर्माण ही नहीं, बल्कि अंदरूनी बिजली व्यवस्था, रोड, पार्किंग, बाउंड्री वॉल और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे परिसर को पूरी तरह से आधुनिक और सुरक्षित बनाया जा सके। कॉलेज परिसर में पर्याप्त पार्किंग और हरियाली भी बढ़ाई जाएगी। -- शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा स्थानीय लोगों ने कहा कि यह कॉलेज युवाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा। खासकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को शहरों में किराए पर कमरा लेने और आने-जाने में होने वाले खर्च से भी राहत मिलेगी। क्षेत्र की पहचान अरावली के कठिन भौगोलिक हालात और सीमित संसाधनों के बीच भी शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि बढ़ेगी। -- निर्माण कार्य शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर खुलने के बाद समय पर काम शुरू कर दिया जाएगा और निर्धारित अवधि में पूरा करने का लक्ष्य है। इससे नूंह में शिक्षा का स्तर ऊपर उठेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। - प्रदीप संधू, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




