Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsMeeting Reviews SC-ST Prevention Act in Nuh Emphasizes Timely Support for Victims
एससी-एसटी मामलों में सहायता देने के निर्देश

एससी-एसटी मामलों में सहायता देने के निर्देश

संक्षेप:

नूंह में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त अखिल पिलानी ने पीड़ितों को समय पर सहायता और पंचायत प्रोत्साहन योजना के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया। योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

Jan 21, 2026 05:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

नूंह। नूंह में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। पीड़ितों को समय पर सहायता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बैठक बुधवार को कॉन्फ्रेंस हॉल में उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम और पंचायत प्रोत्साहन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में पीड़ितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता बिना देरी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत योग्य ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव समय पर भेजे जाएं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति व जनजाति के कल्याण के लिए नवाचार करने वाली पंचायतों को 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। शर्त यह रहेगी कि पिछले दो वर्षों में पंचायत क्षेत्र में कोई अत्याचार का मामला दर्ज न हुआ हो। बैठक में अनुसूचित जाति के लोगों को कानूनी सहायता योजना की जानकारी भी दी गई, जिसके तहत भूमि विवाद, शोषण और आरक्षण से जुड़े मामलों में 22 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। संबंधित विभागों को योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस व सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। -------- 6 से 8 फरवरी तक कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी मेला नूंह। हरियाणा में 41वीं राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 6 से 8 फरवरी तक कुरुक्षेत्र में लगेगा। मेले में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पशुपालक और किसान भाग लेंगे। यह मेला विकास बोर्ड मेला ग्राउंड, कुरुक्षेत्र में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 1500 पशु प्रदर्शित किए जाएंगे। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि नूंह जिले से पशुपालकों को मेला स्थल तक निःशुल्क ले जाने के लिए प्रतिदिन दो बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में गाय, भैंस, भेड़, बकरी, ऊंट और घोड़े की 53 उन्नत नस्लें शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान विशेषज्ञों द्वारा पशुपालन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिए जाएंगे। उत्कृष्ट नस्ल के पशुओं के लिए प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। उप निदेशक पशुपालन डॉ. वीरेंद्र सहरावत ने बताया कि लकी ड्रा के माध्यम से मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर जैसे पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मेले का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक तकनीक, नस्ल सुधार और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। ----- 25 जनवरी को जिले में मनाया जाएगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस नूंह। जिला नूंह में 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन लघु सचिवालय में किया जाएगा। इस दौरान मतदाता जागरूकता से जुड़े आयोजन होंगे। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे लघु सचिवालय के मीटिंग हॉल में आयोजित किया जाएगा। यह दिवस भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने कहा कि इस अवसर पर निबंध, भाषण, पोस्टर, रंगोली और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को भी प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नव पंजीकृत युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम कोई मतदाता न छूटे और मेरा भारत, मेरा वोट रखी गई है। आमजन से अपील की गई कि वे मतदान से जुड़ी सेवाओं के लिए बीएलओ, वोटर हेल्पलाइन ऐप और एनवीएसपी पोर्टल का उपयोग करें।