कपड़े के शोरूम और गोदाम में आग से लाखों का सामान जला

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। वाईएमसीए चौक के पास सेक्टर-11 स्थित मान्यवर कपड़ों के शोरूम में

कपड़े के शोरूम और गोदाम में आग से लाखों का सामान जला

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। वाईएमसीए चौक के पास सेक्टर-11 स्थित मान्यवर कपड़ों के शोरूम में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में लाखों रुपये के कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, क्राउन इंटीरियर मॉल के सामने शुक्रवार दोपहर एक निजी कंपनी के गोदाम में आग लग गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

आग लगने की घटना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे कपड़ों के शोरूम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की आठ से दस गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटे तक पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। आग के दौरान धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों की जानकारी

स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम की ओर से शोरूम के बाहर दीवार खड़ी किए जाने के कारण शोरूम को खाली करने की तैयारी चल रही थी। पीछे की ओर से कपड़ों और अन्य सामान को बाहर निकालने की योजना बनाई गई थी तथा माल ले जाने के लिए वाहन भी बुलाया गया था। इसी बीच आग लगने की घटना हो गई, जिसके कारण अधिकतर सामान अंदर ही फंस गया और जलकर नष्ट हो गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

20 कर्मचारियों ने गोदाम से भागकर जान बचाई

गोदाम में आग लगने की जानकारी

क्राउन इंटीरियर मॉल के सामने शुक्रवार दोपहर एक निजी कंपनी के गोदाम में आग लग गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। गोदाम में लगी आग का धुआं दो किलोमीटर दूर से नजर आ रहा था। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कंपनी के गोदाम में कॉस्मेटिक, घरेलू सामान और घरेलू उपकरण बड़ी संख्या में रखे हुए थे। आग लगते ही गोदाम से तेज लपटें और काला धुआं निकलने लगा। आग लगने के समय वहां पर करीब 20 कर्मचारी मौजूद थे। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक पांच दमकल गाड़ियां को और बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 5:00 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सराय ख्वाजा थाना एसएचओ राकेश मलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट सामने आ रहा है। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

स्कूल में आग लगने की घटना

नंगला गुजरान स्थित राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के रिकार्ड रूम में देर रात आग लग गई। इस आग में स्कूल का 30 प्रतिशत से अधिक रिकार्ड जल गया। घटना स्थल पर शिक्षा विभाग के अधिकारी भी पहुंचे हैं। आग लगने कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गुरुवार रात देर रात करीब 10 बजे नंगला के किसी व्यक्ति ने स्कूल में आग लगने की सूचना प्रधानाचार्य अजय शर्मा को दी। वह और स्कूल अध्यापक सूचना पाकर पहुंचे। स्कूल में आग बुझाने के उचित प्रबंध नहीं थे, ऐसे में बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों एवं स्कूल प्रबंधन को आग पर काबू पाने में करीब 20-25 मिनट लग गए। आग लगने से दाखिला से संबंधित दस्तावेज, अध्यापकों की दैनिक डायरी और सीआरसी से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। स्कूल में आग की सूचना पाकर मौके पर विधायक सतीश फागना भी पहुंचे। उन्होंने मौके पर जायजा लिया।

-------------

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

आग लगने का कारण क्या माना जा रहा है?
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।