बीस मिनट तक लगातार धमाकों से इलाका दहल उठा

Feb 16, 2026 11:28 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद के सेक्टर-24 मुजेसर स्थित एक औद्योगिक वर्कशॉप में सोमवार को अचानक हुए लगातार धमाकों और भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। दमकल की 27 गाड़ियों ने आग बुझाने में चार घंटे लगाये। घटना में 20 से अधिक वाहन जल गए, और पुलिस ने आसपास की वर्कशॉप बंद कर दी।

बीस मिनट तक लगातार धमाकों से इलाका दहल उठा
धनंजय चौहान, फरीदाबाद। सेक्टर-24 मुजेसर स्थित अस्थाई औद्योगिक क्षेत्र की एक वर्कशॉप में सोमवार को अचानक हुए लगातार धमाकों और भीषण आग की घटना से पूरा इलाका दहल उठा। करीब 20 मिनट तक एक के बाद एक हुए जोरदार विस्फोटों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और डीसीपी हेडक्वाटर ने घटना स्थल का दौरा किया। अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। धमाकों के साथ उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा। इस दौरान आसपास की वर्कशॉप और फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूर व कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे, जबकि पास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग भी घबराकर घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की 27 गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि आग की चपेट में आने से 20 से अधिक वाहन जल गए। पुलिस की टीम  मौके पर जांच में जुटी है।

--

लोगों को लगा जैसे भूकंप आ गया

घटना स्थल के पास एक वर्कशॉप में काम करने वाले प्रत्यक्षदर्शी कमल मोहन, राकेश और दीपक गुप्ता ने बताया कि उनकी वर्कशॉप में स्प्रिंग बनाने का काम होता है। शाम करीब चार बजे वह अपनी वर्कशॉप में काम कर रहे थे, तभी तेज धमाका हुआ, धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें लगा मानो जैसे भूकंप आ गया हो। मुख्य द्वार पर लगे गेट जोरदार आवाज से खुल गया, लगा किसी ने टक्कर मारी है, इस दौरान करीब एक किलोमीटर तक जमीन तक हिलती महसूस हुई और कुछ स्थानों पर खिड़कियों के शीशे भी कंपन से खड़क उठे। वहीं आसपास काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने बताया कि पहले एक जोरदार धमाका हुआ, फिर कुछ मिनटों के अंतराल पर कई विस्फोट होते रहे। धमाकों के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर, दुकानदार और स्थानीय लोग सभी अपने को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही मुजेसर थाना और आसपास की  पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने से रोक दिया।

--

पीछे की वर्कशॉप में सिलिंडर ब्लॉस्ट से गिरी दीवार

प्रत्यक्षदर्शी कमल मोहन के अनुसार जिस वर्कशॉप में धमाका हुआ उसके पीछे एक वर्कशॉप है। उसमें एक सिलिंडर में ब्लॉस्ट होने की आशंका है। इससे सटी वर्कशॉप की दीवार गिर गई, दो लोग दब गए, दीवार गिरने से वर्कशॉप के प्रथम लगी एक सीएनसी मशीन और कर्मचारी नीचे की मशीन पर गिर गए। वर्कशॉप के बाहर 20 से अधिक केमीकल से भरे ड्रम रखे थे। इनमें एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे, जिससे आसपास खड़े वाहन भी आग की चपेट में आ गए।

------

आसपास की वर्कशॉप तत्काल बंद कराईं

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास की करीब 30 वर्कशॉप तत्काल बंद करवा दीं। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि किसी अन्य स्थान पर आग या विस्फोट की आशंका को रोका जा सके। जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने मौके पर लगभग चार घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान वर्कशॉप में रखी ज्वलनशील सामग्री, गैस सिलेंडर, केमिकल और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

--

वर्कशॉपों में यह काम होते हैं

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुजेसर का यह इलाका छोटे-छोटे औद्योगिक यूनिटों का बड़ा केंद्र है। यहां ऑटो पार्ट्स निर्माण, ऑयल कटिंग, वेल्डिंग, लोहे की प्लेटों की कटाई, स्क्रैप प्रोसेसिंग और मशीन मरम्मत से जुड़ी सैकड़ों वर्कशॉप संचालित होती हैं। इनमें बड़ी मात्रा में ज्वलनशील तेल, गैस सिलेंडर, केमिकल और लोहे के कबाड़ का भंडारण किया जाता है। पुलिस जांच में कई वर्कशॉपों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलने की भी बात सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ वर्कशॉप में अग्निशमन उपकरण भी पर्याप्त संख्या में नहीं थे।

--

चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि शुरुआत में उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा था। आग तेजी से फैलती जा रही थी और अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण बीच-बीच में छोटे-छोटे विस्फोट भी होते रहे। करीब चार घंटे तक लगातार पानी और फोम का इस्तेमाल कर आग को पूरी तरह बुझाया गया। दमकल कर्मियों ने आसपास की वर्कशॉप तक आग फैलने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरती।

--

लोगों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद आसपास की कॉलोनी और मुजेसर गांव के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने कहा है कि अस्थाई औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में खतरनाक सामग्री रखने वाली इकाइयां बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के संचालित हो रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक कार्यों को आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की जाए।

--

प्रशासन करेगा व्यापक सर्वे

एसडीएम त्रिलोकचंद ने बताया कि घटना के बाद पूरे क्षेत्र का व्यापक सर्वे कराया जाएगा। इसमें यह देखा जाएगा कि कितनी इकाइयां वैध हैं, किनके पास सुरक्षा प्रमाणपत्र हैं और किनमें नियमों का उल्लंघन हो रहा है। साथ ही अग्निशमन विभाग की ओर से वर्कशॉप संचालकों को प्रशिक्षण देने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि भविष्य में आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर ही उसे नियंत्रित किया जा सके।

--

डीसी ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और डीसीपी हेडक्वाटर ने घटना स्थल का दौरा किया। अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी वर्कशॉप की वैधता, लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और अग्निशमन इंतजामों की जांच की जाएगी, जो इकाइयां नियमों का उल्लंघन करती पाई जाएंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीएम त्रिलोकचंद्र ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही ज्वलनशील सामग्री के सुरक्षित भंडारण और आग से बचाव के उपायों को लेकर यूनिट संचालकों को जागरूक किया जाएगा।

--

पहले हादसे से नहीं लिया सबक

सेक्टर-24 मुजेसर की वर्कशॉप में हुई यह कोई नई घटना नहीं है। आसपास के लोगों ने बताया कि छह महीने पहले भी वर्कशॉप में आग लगने की घटना हो चुकी है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे-छोटे यूनिटों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ऐसे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और जांच जारी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;