दुकान में गैस भरते समय सिलेंडर फटने से अफरातफरी, एक घायल

Feb 23, 2026 12:15 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

बल्लभगढ़ के मिर्जापुर गांव में रविवार सुबह गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग के दौरान दो छोटे सिलेंडर फट गए, जिससे आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ। पुलिस ने मौके से 30 बड़े सिलेंडर जब्त किए हैं और अवैध रिफिलिंग पर जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह अवैध रिफिलिंग बेहद खतरनाक है।

दुकान में गैस भरते समय सिलेंडर फटने से अफरातफरी, एक घायल

बल्लभगढ़, संवाददाता। बल्लभगढ़ क्षेत्र के मिर्जापुर गांव तिगांव रोड स्थित एक रिहायशी इलाके में रविवार सुबह गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रिफिलिंग के समय दो छोटे गैस सिलेंडर फट गए, जिससे आग लग गई और पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि बड़ा घरेलू सिलेंडर नहीं फटा नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, जिला छपरा (बिहार) के उलनपुर निवासी धर्मेन्द्र ने गांव मिर्जापुर निवासी प्रवीण की दुकान किराए पर ले रखी थी।

धर्मेन्द्र दुकान में जलेबी, समोसे और अन्य खाद्य सामग्री बेचने का कार्य करता है। दुकान के पिछले हिस्से का आधा भाग सोनू और योगेश (निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश) को किराए पर दिया गया था। दोनों युवक गांव मुजेड़ी स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान के पीछे बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस रिफिल की जाती थी। रविवार सुबह रिफिलिंग के दौरान पहले एक छोटा सिलेंडर फटा और कुछ ही क्षणों में दूसरा सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गया। तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से करीब 30 बड़े सिलेंडर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोदाम और रिफिलिंग गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। जांच अधिकारी गजेन्द्र के अनुसार, घटना मिर्जापुर गांव तिगांव रोड पर एक दुकान के पीछे बने एक अन्य दुकान में हुई। यह स्थान घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका है, जहां आसपास कई घर और दुकानें हैं। ऐसे क्षेत्र में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य होना गंभीर सुरक्षा खतरा माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौके से दो बाइक और बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं जिले में चल रही घरेलू गैस की कालाबाजारी: शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी भी जोरों पर है। आरोप है कि कुछ लोग घरेलू सिलेंडरों को व्यावसायिक उपयोग में लगाकर बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गंभीर सुरक्षा जोखिम का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने कई बार छापेमारी कर कालाबाजारी का भंडाफोड़ भी किया है। छोटे सिलेंडर में गैस भरना खतरनाक विशेषज्ञों के अनुसार, बिना अधिकृत अनुमति बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरना अत्यंत खतरनाक और गैरकानूनी है। इससे गैस रिसाव, दबाव असंतुलन और विस्फोट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। एलपीजी रिफिलिंग केवल अधिकृत एजेंसी या लाइसेंस प्राप्त प्लांट पर ही की जा सकती है। अवैध रिफिलिंग गैस नियंत्रण आदेश और विस्फोटक अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, जिसमें जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है। शॉर्ट-सर्किट से कंटेनर में आग से हड़कंप फरीदाबाद। भूपानी थाना क्षेत्र के टिकावली मोड़ एरिया में रविवार दोपहर हाई-वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आने से एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कंटेनर से धुआं और टायरों लपटें उठने लगीं। जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिकावली मोड़ इलाके में एक कंटेनर निर्माणाधीन बैंक्वट के लिए माल लेकर आया था। इस माल को चीन से मंगाया गया था। रविवारसुबह करीब 11:00 बजे जैसे ही यहां कंटेनर पहुंचा तो ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से कंटेनर में शॉर्ट-सर्किट हो गया और चिंगारी से आग भड़क उठी। आग की शुरुआत टायरों से हुई। जिसे वहां मौजूद लोगों ने काबू पा लिया, लेकिन इससे कंटेनर के अंदर से धुआं निकलने लगा। सामान के आग की चपेट में आने की आशंका की वजह से मौके पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत कंटेनर का दरवाजा खोलकर सामान बाहर निकालना शुरू किया, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर भूपानी थाना एसएचओ कुलदीप दहिया भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग की वजह से यहां कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा। सब-इंस्पेक्टर देशराज ने बताया कि यहां पर बैंक्वट का निर्माण किया जा रहा है। चीन से बैंक्वट के लिए शीशे, सोफा सेट ,झूमर आदि सामान आया था। हाई-वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आने से कंटनेर में आग लग गई थी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।