
सेक्टर-12 कन्वेंशन सेंटर होगा बेहतर रखरखाव
-प्राधिकरण से अब निजी एजेंसी को सौंपी जाएगी रखरखाव की जिम्मेदारी -एजेंसी एक साल तक
बिजली व्यवस्था, जनरेटर, ट्रांसफॉर्मर और एसी सिस्टम रखरखाव करेगी -बड़े आयोजनों के दौरान निर्बाध बिजली और बेहतर सुविधाएं होंगी सुनिश्चित -रखरखाव से भवन की सुरक्षा और उपकरणों की कार्यक्षमता बढ़ेगी फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर में अब आयोजनों के दौरान सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। प्राधिकरण ने कन्वेंशन सेंटर के रखरखाव की जिम्मेदारी अन्य निजी एजेंसी को सौंपने का निर्णय लिया है। इससे भवन और वहां मौजूद तकनीकी व्यवस्थाओं का नियमित व पेशेवर तरीके से रखरखाव सुनिश्चित हो सकेगा। सेक्टर-12 कन्वेंशन सेंटर में बड़े आयोजनों के दौरान बिजली कटौती, एसी और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं में बार-बार खामियां सामने आती है।
नियमित रखरखाव के अभाव में भवन और उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही थी। इन्हीं समस्याओं को दूर करने, निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राधिकरण ने रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने का फैसला लिया। योजना के तहत एजेंसी बिजली व्यवस्था, जनरेटर, ट्रांसफॉर्मर और एयर कंडीशनिंग सिस्टम की देखरेख करेगी। खासकर बड़े आयोजनों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए जनरेटर और ट्रांसफॉर्मर की नियमित जांच, समय पर सर्विसिंग और आवश्यक मरम्मत की जाएगी। एसी सिस्टम को भी दुरुस्त रखा जाएगा, जिससे गर्मी या अधिक भीड़ के दौरान हॉल के अंदर तापमान संतुलित बना रहे। दुर्घटनाओं की आशंका होगी कम निजी एजेंसी द्वारा भवन की संरचनात्मक सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। समय-समय पर इलेक्ट्रिकल पैनल, वायरिंग, फायर सेफ्टी उपकरण और अन्य तकनीकी संसाधनों की जांच होगी। इससे न केवल किसी संभावित दुर्घटना की आशंका कम होगी, बल्कि उपकरणों की कार्यक्षमता भी लंबे समय तक बनी रहेगी। निजी एजेंसी द्वारा बेहतर रखरखाव से कन्वेंशन सेंटर की साख भी बढ़ेगी और शहर को एक सुव्यवस्थित व आधुनिक आयोजन स्थल के रूप में पहचान मिलेगी। इससे आयोजकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कार्यक्रमों के सफल आयोजन में मदद मिलेगी। - संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




