ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR फरीदाबादफास्टैग रीडिंग में समस्या से टोल प्लाजा पर वाहनों की लाइन

फास्टैग रीडिंग में समस्या से टोल प्लाजा पर वाहनों की लाइन

बदरपुर टोल प्लाजा की सभी 10 लेन फास्टैग हो चुकी हैं। मगर, टोल प्लाजा पर

फास्टैग रीडिंग में समस्या से टोल प्लाजा पर वाहनों की लाइन
हिन्दुस्तान टीम,फरीदाबादThu, 07 Jan 2021 11:20 PM
ऐप पर पढ़ें

बदरपुर टोल प्लाजा की सभी 10 लेन फास्टैग हो चुकी हैं। मगर, टोल प्लाजा पर लगे सेंसर द्वारा फास्टैग रीडिंग में आने वाली तकनीकी दिक्कत के कारण सुबह-शाम व्यस्त घंटों में टोल प्लाजा पर वाहनों की लेन लग रही है। गुरुवार सुबह ‘हिन्दुस्तान टीम को टोल प्लाजा पर कई और खामी नजर आईं, जिन्हें दूर किए बगैर यहां वाहनों का फर्राटा भरना मुश्किल है। 

10 लेन में से दो बंद

टोल प्लाजा पर एक दिशा में 10 लेन हैं। इनमें से एक आपातकालीन लेन है। यह एंबुलेंस जैसे वाहनों के लिए आरक्षित है। मगर, गुरुवार सुबह दिल्ली जाने वाली दिशा की आपातकालीन लेन पर बेरिकेड लगाया हुआ था। इस लेन के बराबर में और एक लेन बंद थी। यहां मौजूद कर्मचारियों से जब लेन बंद होने का कारण पूछा गया तो उनका जवाब था कि कंप्यूटर हैंग होने के कारण इस लेन को बंद किया गया है। 

सेंसर की दिक्कत से कभी आगे तो कभी पीछे करनी पड़ रहीं थीं कारें

टोल प्लाजा पर पहुंचने पर टोल बैरियर खुलते ही वाहन निकल जाते थे। मगर, कुछ लेन में टोल बैरियर ऊपर भी नहीं हो रहे थे। इसका पता चलते ही बूथ में बैठा टोलकर्मी कार चालक को इशारा कर कार को बैक करने के लिए कहता। बैक लेने के बाद चालक आगे के लिए चलता तो बैरियर खुल जाता था। कई बार इस प्रक्रिया को अपनाने के बाद भी टोल प्लाजा के बैरियर नहीं खुलते तो वहां मौजूद कर्मचारी फास्टैग रीडर मशीन से वाहनों पर लगे फास्टैग को रीड करता। इसके बाद वाहन आगे बढ़ पाता। इससे पता चलता है कि टोल प्लाजा के सेंसर में कुछ कमी है या फिर वाहनों में फास्टैग सही स्थान पर नहीं लगाया गया है। 

टोल प्लाजा को पैदल लोगों के पार करने से हादसे का खतरा

टोल प्लाजा पर वाहन चालकों के लिए फास्टैग रीडिंग ही एक समस्या नहीं है। बल्कि यहां पर पैदल यात्री भी मुसीबत बने हुए हैं। जैसे ही टोल बैरियर खुलता है तो वाहन चालक अपने वाहन की रफ्तार बढ़ा देता है। इतने में आगे से टोल पार करने वाले पैदल लोग आ जाते हैं। इनसे टकराने से बचने के लिए ब्रेक लगाना पड़ता है। चालक का ध्यान भटकने पर यहां हादसा हो सकता है। ये पैदल लोग सराय ख्वाजा की ओर से लकड़पुर की ओर जा रहे थे। टोल पार करने वाले पैदल लोगों की अच्छी-खासी संख्या थी। पैदल लोगों के लिए हाईवे पार करने के लिए टोल प्लाजा के पास फुटओवर भी ब्रिज बना हुआ है। मगर, कुछ लोग यहां शॉर्टकट के चक्कर में पैदल ही हाईवे को पार कर रहे थे।  

प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहन चालक फर्राटा भर रहे

बदरपुर फ्लाईओवर दोपहिया सवारों के लिए प्रतिबंधित है। मगर, सुबह-सुबह यहां कारों की तरह ही दोपहिया पर सवार लोग दिल्ली में प्रवेश कर रहे थे। टोल कर्मियों द्वारा यहां दोपहिया सवारों पर कोई रोक-टोक नहीं की जा रही थी। 

बिना फास्टैग वाले वाहन भी मुसीबत बने

टोल प्लाजा की दिल्ली-फरीदाबाद आने-जाने वाली सभी 10-10 लेन फास्टैग कर दी गई हैं। इस वजह से बिना फास्टैग वाले वाहन किसी भी लेन में घुस रहे थे। नकद टोल वसूलने में लगने वाले समय की वजह से पीछे आ रहे वाहनों की लेन बन रही थीं।  

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें