जमीन पर कब्जा करने का विरोध करने पर जानलेवा हमला, केस दर्ज
डकौरा गांव में जमीन पर बिजली के खंभे गाड़ने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ। विरोध करने पर दबंगों ने एक उद्यमी और उनके भाइयों पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पलवल, अजित कुमार। मुंडकटी थाना अंतर्गत डकौरा गांव में जमीन पर बिजली का खंभा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। विरोध करने पर दबंगों ने एक उद्यमी और उनके भाइयों पर लोहे की रॉड व डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-16 फरीदाबाद के रहने वाले देवेन्द्र ने बताया कि उनकी डकौरा गांव में एक फैक्ट्री लगाई हुई है। फैक्ट्री की देखरेख के लिए बिहार की रहने वाली पूजा अपने परिवार सहित वहां रहती है।
फैक्ट्री से सटी हुई जमीन केशव पंडित नाम के व्यक्ति की है।20 जून की दोपहर पूजा ने फोन पर सूचना दी कि केशव पंडित, सुभाष और लोकेश उनकी फैक्ट्री की जमीन पर जबरन बिजली के खंभे गाड़ रहे हैं। जब पूजा ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो सुभाष ने धक्का मारकर उसे वहां से भगा दिया।देवेन्द्र के पिता ने फरीदाबाद से ही फोन पर आरोपियों को उनके आने तक रुकने को कहा। इसके बाद जब देवेन्द्र अपने भाई सतीश और गोपाल के साथ गाड़ी से मौके पर पहुंचे, तो आरोपित चार खंभे गाड़ चुके थे। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने हाथ में लिए लोहे की रॉड और डंडों से उन पर हमला कर दिया।आरोप है कि लोकेश ने लोहे की राड से देवेन्द्र की नाक पर दे मारी और दोबारा हमला किया, जिससे देवेन्द्र के हाथों में भी चोटें आईं। इस झगड़े में देवेंद्र के भाई गोपाल को भी काफी चोटें आईं और उसकी सोने की चैन का एक हिस्सा भी टूट गया। बाद में इकट्ठा हुई भीड़ ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। इसके बाद घायलों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


