
सीजेआई की नियुक्ति पर अधिवक्ताओं ने लड्डू बांटे
फरीदाबाद में सर्वोच्च न्यायालय के 53वें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के नियुक्ति पर वकीलों ने कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर लड्डू खिलाकर बधाई दी गई। वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने कहा कि यह हरियाणा के लिए गर्व का क्षण है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत की नियुक्ति से न्यायिक सुधार और त्वरित न्याय की उम्मीद जगी है।
फरीदाबाद। सर्वोच्च न्यायालय के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सूर्यकांत के नियुक्त होने पर सेक्टर-12 स्थित लॉयर चैम्बर में वकीलों ने कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाए और बधाई दी। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने किया। एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने कहा कि हरियाणा के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है क्योंकि प्रदेश से पहली बार कोई सर्वोच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बना है। उन्होंने बताया कि माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत फरीदाबाद न्यायालय के इन्स्पेक्टिंग जज भी रहे हैं। उनके कार्यकाल में न्यायिक प्रक्रिया व न्यायालय के इन्फ्रास्ट्रक्चर दोनों में उल्लेखनीय सुधार हुए थे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि देशभर की अदालतों में लंबित पांच करोड़ से अधिक मामलों के जल्द निपटारे की दिशा में यह नियुक्ति ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में अधिक से अधिक फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित होने की आशा बढ़ी है, जिससे आम आदमी को त्वरित न्याय मिल सकेगा। इस अवसर पर जिला प्रमुख विधि विभाग प्रदीप शांडिल्य और आरएस. नागर ने कहा कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत अपनी गहन कानूनी समझ, निष्पक्ष दृष्टिकोण और संवेदनशील फैसलों के लिए जाने जाते हैं। इनके नेतृत्व में न्यायिक सुधार और गति में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इस अवसर पर वरिष्ठ वकील ओपी यादव, सतवीर शर्मा, आत्मप्रकाश सेतिया, सतीश चौहान, भीमसेन पुजारी, दलवीर अत्री, जितेंद्र पाराशर, विजय यादव, कुलदीप जोशी सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




