Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsJP Nadda Highlights Growth of AIIMS and Education Opportunities at Graduation Ceremony
देश में एम्स की संख्या तेजी से बढ़ रही: मंत्री नड्डा

देश में एम्स की संख्या तेजी से बढ़ रही: मंत्री नड्डा

संक्षेप:

फरीदाबाद में दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि देश में एम्स की संख्या बढ़कर 23 हो गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं। उन्होंने युवाओं को विज्ञान और तकनीक में आगे बढ़ने और ईमानदारी से काम करने की अपील की। समारोह में 2,150 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं।

Feb 07, 2026 11:45 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि देश में एम्स की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो रही हैं। मंत्री नड्डा शनिवार को मानव रचना विश्वविद्यालय और मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड स्टडीज़ के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। समारोह में 2,150 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं। समारोह का उद्घाटन संस्थान की मुख्य संरक्षक सत्या भल्ला ने किया। समारोह में अध्यक्ष डॉ. प्रशांत भल्ला, उपाध्यक्ष डॉ. अमित भल्ला, एमआरयू के कुलपति डॉ. दीपेंद्र कुमार झा और एमआरआईआईआरएस के कुलपति डॉ. संजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

दोनों कुलपतियों ने संस्थानों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। मुख्य अतिथि जे.पी. नड्डा ने कहा कि पिछले वर्षों में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। एम्स की संख्या 6 से बढ़कर 23 हो गई है। साथ ही आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों का भी विस्तार हुआ है। इससे युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्ष देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। युवा पीढ़ी को विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ काम करने की अपील की। समारोह में माल्टा के उप प्रधानमंत्री डॉ. इयान बॉर्ग, बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह, आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनिल नायक और पूर्व मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल को मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया। डॉ. प्रशांत भल्ला ने कहा कि दीक्षांत समारोह जीवन की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। विद्यार्थियों को सफलता के साथ-साथ नैतिकता और समाज सेवा को भी महत्व देना चाहिए। डॉ. अमित भल्ला ने कहा कि तकनीक और विकास तभी सार्थक हैं, जब वे मानवता और पर्यावरण के हित में हों। इस अवसर पर एमआरआईआईआरएस द्वारा 1,560 और एमआरयू द्वारा 590 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं। साथ ही मेधावी छात्रों को पदक और पुरस्कार भी प्रदान किए गए।