लिफ्ट के बहाने लूट करने गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

Feb 13, 2026 11:23 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

पलवल में पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे आई-10 कार और देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपियों पर कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों से लिफ्ट न लें।

लिफ्ट के बहाने लूट करने गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

पलवल, संवाददाता। पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। दिल्ली क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आई-10 कार और देसी कट्टा बरामद किया गया। आरोपियों पर कई राज्यों में करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी मनोज वर्मा ने प्रेस वार्ता में इसका खुलासा किया। डीएसपी ने बताया कि जिले में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी राहगीरों को वाहन में बैठाकर भरोसा जीतते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट करते और नकदी, मोबाइल व अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।

इस तरह की कई घटनाएं थाना कैंप और सदर पलवल क्षेत्र में सामने आई थीं, जिन पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए सीआईए स्टाफ की एक विशेष टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर रविंदर के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने केएमपी फ्लाईओवर के नीचे दबिश देकर तीनों आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ ओटे, मुन्ना और अजय मिश्रा उर्फ राहुल के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं और लंबे समय से इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई आई-10 कार और एक देसी कट्टा बरामद किया है। साथ ही इनके खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्ज पुराने मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई और मामलों का खुलासा हो सकता है। पलवल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान लोगों से लिफ्ट लेने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।