सूरजकुंड मेले में अपनी जान गंवाकर दूसरों को जीवन दे गए जगदीश प्रसाद
फरीदाबाद में मेले के दौरान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने अपने कर्तव्य को निभाते हुए लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन एक झूले का बड़ा हिस्सा गिरने से उनकी मौत हो गई। उनकी शहादत ने पुलिस विभाग और मेले में मौजूद लोगों को गमगीन कर दिया। वे 31 मार्च को रिटायर होने वाले थे।

फरीदाबाद। मेले में हुए दर्दनाक हादसे में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। झूले के दुर्घटनाग्रस्त होने के दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच झूले का एक बड़ा हिस्सा उनके ऊपर आकर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी शहादत ने पूरे पुलिस विभाग और मेले में मौजूद लोगों को गमगीन कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय मेले में काफी भीड़ थी। झूले में तकनीकी खराबी आने के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को संभालने और लोगों को सुरक्षित दूरी पर ले जाने के लिए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद तुरंत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को हटाने और घायलों की मदद करने में अहम भूमिका निभाई। इसी दौरान अचानक झूले का भारी हिस्सा टूटकर नीचे गिरा, जिसकी चपेट में आकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की शहादत की खबर फैलते ही मेला परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें एक निष्ठावान, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी अधिकारी बताया। सहकर्मियों का कहना है कि जगदीश प्रसाद हमेशा ड्यूटी के प्रति सजग रहते थे और किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहले आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाते थे। 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने वाले थे 31 मार्च को रिटायर होने वाले पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, जो इस समय चान्दहट थाने में तैनात थे। मूल रूप से मथुरा जिले के गांव धींगडा के निवासी जगदीश प्रसाद ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए थे। इस हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन मथुरा से फरीदाबाद के लिए निकल चुके हैं। उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 25 जनवरी को, उन्होंने अपने थाने में सभी पुलिसकर्मियों को परेड संबंधित जानकारी प्रदान की थी, जो उनके कार्य के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



