खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर के जरिये खेलों में आएगा सुधार
फरीदाबाद में खिलाड़ियों के लिए खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। यह कदम खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान करेगा, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस पहल से खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा और युवा पीढ़ी खेलों की ओर आकर्षित होगी।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर माहौल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विभिन्न खेलों के लिए खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर शुरू करने की योजना बनाई गई है। इससे खिलाड़ियों के खेल में सुधार आएगा। खेल विभाग का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इसके लिए हॉकी, जिम्नास्टिक और टेबल टेनिस जैसे खेलों के लिए नए खेलो इंडिया सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन सेंटरों में खिलाड़ियों को उन्नत प्रशिक्षण, फिटनेस सुविधाएं और विशेषज्ञ कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
बता दें कि राज्य खेल परिसर में फुटबॉल का खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर संचालित किया जा रहा है। यहां चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जाता है। इस सेंटर के माध्यम से कई युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला है। खेलो इंडिया सेंटरों में खिलाड़ियों का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को खेल से संबंधित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। खेल विभाग का मुख्य लक्ष्य लॉस एंजेलेस ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर बनाना है। इसके लिए जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को तैयार किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खिलाड़ियों को सही समय पर बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।इस पहल से न केवल खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा और युवा पीढ़ी खेलों की ओर अधिक आकर्षित होगी। कार्यकारी जिला खेल वीनेश यादव ने बताया कि सरकार अच्छी पहल है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


