आयकर जांच में डेढ करोड़ से अधिक का सोना मिला
फरीदाबाद में आयकर विभाग की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी है। जांच में एक करोड़ रुपये से अधिक का सोना बरामद हुआ है और कई बैंक खातों में अवैध लेनदेन का पता चला है। अधिकारियों ने संदिग्ध लेनदेन की जांच के लिए खातों को फ्रीज कर दिया है। 50 ठिकानों पर छापेमारी की गई है।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहर में आयकर विभाग की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही। जांच के दौरान अब तक करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का सोना बरामद किया गया है, जबकि कई बैंक खातों में अवैध लेनदेन का खुलासा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, बड़ी मात्रा में संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आने के बाद संबंधित खातों को फ्रीज कर आगे की जांच तेज कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, आयकर टीम बीते चार दिनों से ग्रेटर फरीदाबाद के दो नामचीन शिक्षण संस्थानों, एक बड़े रियल एस्टेट बिल्डर, सेक्टर-12 स्थित ओजोन पार्क स्थित कार्यालय, सेक्टर-21 स्थित एक बड़ी सिक्योरिटी एजेंसी के घर, चार कंपनियों के घर और कार्यालय समेत करीब 50 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई कर रही है।
इन ठिकानों से बड़ी संख्या में डिजिटल दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। इन सभी की फॉरेंसिक जांच की जा रही है जिससे आय से अधिक संपत्ति, कर चोरी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई ऐसे लेनदेन सामने आए हैं, जिनका कोई स्पष्ट स्रोत नहीं मिल पाया है। आशंका है कि इनका इस्तेमाल टैक्स चोरी और काले धन को सफेद करने के लिए किया गया। इसके अलावा कुछ फर्जी कंपनियों के माध्यम से पैसों के लेनदेन के संकेत भी मिले हैं, जिसकी परतें खोलने के लिए विस्तृत पड़ताल की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि जिन संस्थानों और बिल्डरों के परिसरों पर छापेमारी चल रही है, वहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनमें जमीन खरीद-फरोख्त, निर्माण परियोजनाओं, फीस वसूली और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। इन दस्तावेजों का डिजिटल मिलान कर आयकर रिटर्न और खातों से तुलना की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ भारी जुर्माना, बकाया कर वसूली और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल टीम का फोकस जब्त किए गए डिजिटल डाटा की गहन जांच पर है, जिससे पूरे नेटवर्क और लेनदेन की कड़ी को स्पष्ट किया जा सके। शहर में चल रही इस बड़ी कार्रवाई को लेकर शिक्षा जगत और रियल एस्टेट सेक्टर में भी हलचल बनी हुई है। आयकर विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


