नगर निगम की कार्रवाई के बाद चल रहे अवैध होटल

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

बल्लभगढ़, अशोक जैन। शहर में अवैध रूप से संचालित होटल और रेस्तरां नगर निगम की

नगर निगम की कार्रवाई के बाद चल रहे अवैध होटल

बल्लभगढ़, अशोक जैन। शहर में अवैध रूप से संचालित होटल और रेस्तरां नगर निगम की कार्रवाई के बावजूद बंद नहीं हो रहे हैं। नगर निगम बल्लभगढ़ क्षेत्र में पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद आबादी वाले इलाकों में बिना अनुमति और आवश्यक लाइसेंस के होटल एवं रेस्तरां संचालित हैं। दिल्ली में हाल ही में हुए हादसे के बाद एक बार फिर नगर निगम और अग्निशमन विभाग ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई की तैयारी में जुट गए हैं। नगर निगम बल्लभगढ़ ने पूर्व में नबलू कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ओयो से संबद्ध कई होटलों और रेस्तरांों को सील किया था।

अधिकारियों के अनुसार उस दौरान करीब 44 होटल और रेस्तरां पर सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। इनमें से नबलू कॉलोनी स्थित कुछ होटलों को दो बार तक सील किया गया था। कार्रवाई के बाद होटल संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर लगे ओयो और अन्य होटल संबंधी बोर्ड हटा दिए तथा नगर निगम को शपथ पत्र देकर यह आश्वासन दिया कि वे होटल का संचालन नहीं करेंगे। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई स्थानों पर नाम बदलकर या बिना किसी बोर्ड के होटल और गेस्ट हाउस का संचालन जारी है। सूत्रों और स्थानीय निवासियों के अनुसार बल्लभगढ़ क्षेत्र में वर्तमान समय में 100 से अधिक होटल और रेस्तरां अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। इनमें से अधिकांश आबादी वाले क्षेत्रों में बने हुए हैं, जहां पार्किंग, अग्नि सुरक्षा और भवन मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे प्रतिष्ठानों के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।होटल चलाने के लिए ये हैं नियम-नगर निगम से व्यापार लाइसेंस (ट्रेड लाइसेंस)-भवन उपयोग की स्वीकृति और नक्शे की मंजूरी-अग्निशमन विभाग से फायर एनओसी-प्रदूषण नियंत्रण संबंधी आवश्यक अनुमतियां (जहां लागू हों)-खाद्य पदार्थ परोसने की स्थिति में एफएसएसएआई लाइसेंस-पार्किंग एवं सुरक्षा मानकों का पालनजांच के बाद कार्रवाई होगीइस मामले में नगर निगम बल्लभगढ़ के एसडीओ राहुल गिल ने कहा कि उनके संज्ञान में फिलहाल ऐसी कोई ताजा जानकारी नहीं है कि सीलिंग कार्रवाई के बाद भी अवैध होटल संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं होटल या रेस्तरां नियमों के विपरीत संचालित हो रहे हैं तो उनकी जांच कराई जाएगी। जांच में अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।दिल्ली हादसे के बाद बढ़ी चिंतादिल्ली में हाल ही में होटल से जुड़े हादसे के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इसी के मद्देनजर नगर निगम और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से ऐसे प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर रहे हैं, जहां सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जांच अभियान शुरू होने के बाद कई अवैध होटल और रेस्तरां प्रशासन के निशाने पर आ सकते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।