मेवला महाराजपुर में दो एकड़ जमीन से कब्जा हटाया
फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर में एचएसवीपी की जमीन पर बनी अवैध कॉलोनी के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन स्थानीय लोगों ने बिना नोटिस के कार्रवाई का विरोध किया। कई सालों से रह रहे लोग बेघर हो गए हैं और मामले की सुनवाई हाई कोर्ट में चल रही है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-45 स्थित मेवला महाराजपुर में अंडरपास के पास हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की जमीन पर बसी अवैध कॉलोनी के खिलाफ गुरुवार को तोड़फोड़ कार्रवाई की गई। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था न हो।हालांकि कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई बिना नोटिस के की गई है। मेवला महाराजपुर अंडरपास से सेक्टर-45 को जाने वाली सड़क पर करीब दो एकड़ जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। यह सेक्टर वर्ष 1984 में प्राधिकरण द्वारा काटा गया था। तब से विभाग की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा।
इसे लेकर गुरुवार सुबह तोड़फोड़ विभाग की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। तोड़फोड़ दस्ते को देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने उनके मकानों को नहीं तोड़ने की अधिकारियों से गुजारिश की। लेकिन टीम ने बुलडोजर की मदद से अस्थायी तौर पर बनी झुग्गियों और ढांचों को गिरा दिया। अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन एचएसवीपी की है, जिस पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। कई दिनों से इसकी शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि, दूसरी ओर स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई बिना किसी पूर्व नोटिस के की गई। उनका कहना है कि प्रशासन ने अचानक पहुंचकर झुग्गियां तोड़नी शुरू कर दीं, जिससे कई लोग बेघर हो गए। प्रभावित लोगों ने बताया कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और हाई कोर्ट में मामला विचाराधीन है, ऐसे में बिना सूचना कार्रवाई करना गलत है। लोगों ने कहा कि वे कई बार प्रशासन से बिजली-पानी जैसी सुविधाओं की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब उन्हें यहां से हटाया जा रहा है। एचएसवीपी के जेई विजय ने बताया कि कब्जा हटाने की प्रक्रिया कानूनी दायरे में रहकर की गई है। मामले को लेकर आगे भी सख्ती से कदम उठाए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




