
बिना परमिट दौड़ रहीं बसें, रोडवेज को नुकसान
बल्लभगढ़ में आगरा रूट पर 40 से अधिक निजी बसें बिना वैध परमिट के चल रही हैं। ये बसें यात्रियों से अधिक किराया वसूलती हैं और अक्सर बीच रास्ते में उतार देती हैं। आरटीए और ट्रैफिक पुलिस अवैध संचालन के...
बल्लभगढ़, संवाददाता। आगरा रूट पर 40 से अधिक निजी बसें बिना परमिट के दौड़ रही हैं। ये बसें सरकार और हरियाणा रोडवेज को रोजाना आर्थिक नुकसान पहुंचा रही हैं। आरटीए विभाग की अनदेखी से इनका संचालन लगातार बढ़ता जा रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक बल्लभगढ़ से आगरा रूट पर प्रतिदिन 40 से अधिक निजी बसें बिना किसी वैध परमिट के सड़कों पर दौड़ रही हैं। इन बसों पर हरियाणा रोडवेज जैसे रंग कर उन्हें सरकारी बसों जैसा दिखाया जाता है ताकि यात्रियों को भ्रम हो। अधिकतर चालक व कंडक्टर बिना यूनिफॉर्म के चलते हैं और यातायात नियमों को ताक पर रखकर मनमाना संचालन करते हैं।

ये बसें सरकार और रोडवेज दोनों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही हैं, लेकिन विभागीय कार्रवाई न के बराबर है। यात्रियों से वसूली, बीच रास्ते में उतारने की घटनाएं आरोप है कि इन अवैध बसों में सफर करने वाले यात्रियों से तय किराए से अधिक पैसा वसूला जाता है। कोई किराया रसीद नहीं दी जाती, और कई बार किराए को लेकर विवाद होने पर यात्रियों को बीच रास्ते में उतार दिया जाता है। ऐसे मामलों में न तो कोई सुनवाई होती है और न ही शिकायत का कोई ठोस सिस्टम है। इससे यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। ट्रैफिक जाम और विभाग की चुप्पी स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इन बसों के लिए न तो कोई तय पार्किंग है और न ही संचालन का कोई तय नियम। नेशनल हाईवे पर ओवरब्रिज के नीचे, अनाज मंडी और दशहरा मैदान जैसे जगहों पर ये बसें सरेआम खड़ी रहती हैं। ये सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़ी होकर जाम की स्थिति पैदा कर देती हैं। आरटीए और ट्रैफिक पुलिस को सब कुछ पता है, लेकिन स्टाफ की कमी और दबाव के चलते कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। अवैध बसों से रोडवेज को रोजाना नुकसान हो रहा है। आरटीए के पास कार्रवाई का अधिकार है, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। - नवनीत बजाज, ट्रैफिक मैनेजर, रोडवेज अवैध बसों पर समय-समय पर कार्रवाई करते हैं। स्टाफ की कमी के कारण कुछ दिक्कत आती हैं, लेकिन प्रयास जारी हैं कि समस्या को रोका जाए। - मनीष सहगल, आरटीए अधिकारी, फरीदाबाद

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


