
हनीट्रैप के मामले में बुजुर्ग को फंसाने पर महिला समेत पांच पर मामला दर्ज
बल्लभगढ़ में एक बुजुर्ग को हनी ट्रैप में फंसाने का मामला सामने आया है। एक महिला ने बुजुर्ग से संपर्क कर उसे अपने जाल में फंसाया और बाद में झूठे आरोप लगाए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद महिला और उसके चार साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बल्लभगढ़, संवाददाता। हनी ट्रैप के एक मामले में होडल निवासी बुजुर्ग को फंसाने का मामला सामने आया है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने एक महिला और उसके चार अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, होडल निवासी पीड़ित बुजुर्ग ने एक बिल्डिंग बनाकर किराए पर दे रखी है। उसका कहना है कि उसके किरायेदारों से बीते जुलाई माह के दौरान एक महिला ने उसका नंबर लेकर उससे संपर्क किया था। इसके बाद वह फोन पर उसे बाबा कहकर पुकारती थी। महिला ने उसकी संपत्ति के बारे में जानकारी हासिल कर उसे षड्यंत्र के तहत बातों में फंसा लिया था।
बुजुर्ग का आरोप है कि उक्त महिला ने उससे व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए कई बार बोला, लेकिन वह बीमार बुजुर्ग होने के नाते उसे नहीं मिला। दो अगस्त 2025 को वह महिला एक बच्ची को गोद में लेकर होडल पहुंच गई। चार अगस्त जब वह अपने किरायेदार के साथ वृंदावन गया तो उक्त महिला वहां भी पहुंच गई। इसके बाद जब वह और उसका दोस्त अलीगढ़ गए तो वहां भी उक्त महिला अपनी परिचित महिलाओं के साथ हैप्पी स्टे होटल में पहुंच गई। इस दौरान तीनों ने कमरा अलग से लिया। इसके बाद जब वह वहां से जाने लगे तो महिला ने पुलिस बुला ली और अपनी बहन के साथ दुष्कर्म करने और अन्य महिला के साथ मिलकर झूठे आरोप लगाए। आरोप है कि उक्त महिला ने उसका व्हाट्सऐप नंबर हैक करके मैसेज भी किया और व्हाट्सऐप पर कॉल कर परेशान किया। उसकी बात ना मानने पर झूठे मुकदमे फंसाने की धमकी देने लगी। बीते 25 अगस्त को आरोपी महिला ने उसे बहाना बनाकर बल्लभगढ़ बुलाया और उसे होटल ले गई। इसके बाद महिला ने व्हाट्सऐप कॉल करके उससे 10- 12 लाख रुपये की मांग की। बीते एक सितंबर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करवा दी थी। 11 सितंबर को पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा दिया। इसके बाद इस महिला ने उसे डरा धमकाकर परिवार वालों से जबरदस्ती लाखों रुपयों की मांग की । इस पर पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।---

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




