छत से धक्का देकर महिला व ससुर को गिराया
बल्लभगढ़ के गांव मलेरना में होली के दौरान पड़ोसियों ने एक महिला और उसके ससुर के साथ मारपीट की। आरोप है कि चार युवकों ने रंगों की जगह कीचड़ से होली खेलने पर विरोध करने पर दोनों को छत से धक्का दिया। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बल्लभगढ़, संवाददाता। होली खेलने के दौरान गांव मलेरना में पड़ोसियों द्वारा महिला के साथ मारपीट करने और उसे व उसके ससुर को छत से धक्का देने का मामला सामने आया है। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मलेरना निवासी रेखा पत्नी अनूप कुमार उर्फ नीटू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 4 मार्च 2026 को अपने घर की छत पर अपनी ननद मोनिका (मोना) और बहनोई मनीष के साथ होली खेल रही थी। इसी दौरान करीब दोपहर 1:30 बजे पड़ोसी रोहित व मोहित पुत्र टीकम अपने दो अन्य साथियों के साथ उनकी छत पर आ गए।
आरोप है कि चारों ने रंगों की जगह कीचड़ से होली खेलना शुरू कर दिया। जब उसने और उसकी ननद ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। महिला का आरोप है कि शोर सुनकर उसके ससुर ओमप्रकाश भी छत पर आ गए और उसे आरोपियों से छुड़ाने लगे। इस दौरान रोहित, मोहित और उनके साथियों ने दोनों को धक्का दे दिया, जिससे वह और उसके ससुर छत से नीचे निर्माणाधीन प्लॉट के फर्श पर गिर गए और घायल हो गए। पीड़िता के अनुसार इसके बाद आरोपी नीचे आए और उनका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उनकी बात नहीं मानी तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला का पति अनूप कुमार उर्फ नीटू मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को इलाज के लिए जीएच अस्पताल लेकर गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पीड़िता ने पुलिस को अपनी शिकायत के साथ मेडिकल एमएलआर की प्रतियां भी सौंप दी हैं।पुलिस ने महिला की शिकायत पर रोहित, मोहित और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


