
होडल को आदर्श विधाननसभा के रूप में विकसित करेंगे: नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने होडल को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने की घोषणा की। उन्होंने हसनपुर को तहसील का दर्जा दिया और 10 करोड़ रुपये की लागत से तीन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस...
पलवल, वरिष्ठ संवाददाता। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि होडल को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने हसनपुर को तहसील का दर्जा दिया तो 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार तीन परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने बुधवार को विकास कार्यों का उद्घाटन करने के साथ-साथ होडल में आयोजित बृज विकास रैली को भी संबोधित किया। रैली का आयोजन होडल के विधायक हरिन्द्र सिंह ने किया था। उन्होंने होडल विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये, डीएचबीवीएन के होडल में कार्यालय भवन के लिए तीन करोड़ 54 लाख रुपये और हसनपुर कार्यालय के लिए एक करोड़ 95 करोड़ रुपये, मीरपुर कोराली, पेंगलतु और सीहा में उप स्वास्थ्य केंद्र, सीहा में फसल खरीद केंद्र, होडल में पुन्हाना मोड़ तक ड्रेन के लिए डेढ़ करोड़ रुपये, हसनपुर में उप तहसील को तहसील का दर्जा और विभिन्न तालाबों के पुनरुद्धार और सड़कों की मरम्मत की घोषणा की।

इस दौरान केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने खाम्बी गांव में लड़कियों के लिए कॉलेज खोलने की मांग रखी। होडल विधायक हरिन्द्र सिंह ने बंचारी गांव में पॉलीटेक्निक खोलने की भी मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने व्यवहार्यता अध्ययन करवाने की बात की। इस दौरान होडल विधायक ने कुल 152 मांगें रखीं, जिन्हें उन्होंने पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान होडल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें पांच करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से नगर परिषद भवन, दो करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से उप-तहसील भवन का निर्माण और एक करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से रामगढ़ गांव में खेल स्टेडियम का निर्माण शामिल है। -- होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास पर 700 करोड़ खर्च हुए: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले दो कार्यकालों में हमारी सरकार ने होडल क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 236 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने होडल के विकास से जुड़ी उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि टाउन में जलापूर्ति बढ़ाने के लिए बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण और पाइप लाइन बिछाने का कार्य 12 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। होडल शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए छह करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से ड्रेन का निर्माण किया गया। जलापूर्ति योजना, पेंगतलू का निर्माण आठ करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से किया गया है। नई अनाज मंडी, होडल का विकास आठ करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से किया गया है। बंचारी में 66 के.वी. सब-स्टेशन की स्थापना पर सात करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए गए। होडल के सती सरोवर का नवीनीकरण छह करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। -- ‘हर क्षेत्र का विकास, हर नागरिक का उत्थान मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ और पुण्य पर्व पर बृज भूमि होडल में आकर स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूं। होडल का नाम जब भी लिया जाता है, हमारे मन में एक ऐसा चित्र उभरता है, जहां की मिट्टी में मेहनत, वीरता की गाथाएं और संस्कारों की खुशबू विद्यमान है। यह वही वीर भूमि है, जहां महारानी किशोरी जैसी वीरांगना ने जन्म लिया। महारानी किशोरी की वीरता, त्याग और सेवा भावना हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि हम होडल को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रोजगार के क्षेत्र में विशेष पहल करते हुए, हम होडल को आगे बढ़ाएंगे। ----------------------------------- विकास परियोजनाओं से बदली पलवल की तस्वीर: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले दो कार्यकालों में पलवल जिले की सूरत बदल गई है। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य 2,345 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्रेट कॉरीडोर के रेवाड़ी-मदार सेक्शन का निर्माण जारी है। इसी तरह कुंडली-सोनीपत और सोहना-मानेसर के लिए 5,618 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ‘हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर‘ निर्माणाधीन है। प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास के लिए दुधौला में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। पलवल-हसनपुर वाया कुशक सड़क को चौड़ा व मजबूत करने का कार्य 23 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से किया गया है। वहीं, पलवल शुगर मिल की पिराई क्षमता 12 करोड़ रुपये की लागत से बढ़ाई गई। ------- प्रधानमंत्री ने हर क्षेत्र के विकास को किया दोगुना : कृष्ण पाल गुर्जर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि बीते एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र ओर हरियाणा की सरकारों के कार्यकाल को हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति का कालखंड बताया। युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता व खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पहलगांव की घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमें पूरा भरोसा है कि उनके नेतृत्व में आतंकवाद के सफाए में बड़ी कार्रवाई होगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सतीश फागना, विधायक डा. कृष्ण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




