लाउडस्पीकर से दी जा रही जानकारी
पलवल के गांव छांयसा में स्वास्थ्य विभाग ने हेपेटाइटिस बी के प्रति जागरूकता अभियान शुरू किया है। मस्जिदों के लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सावधानी बरतने और पुराने इंजेक्शन और ब्लेड के इस्तेमाल से बचने के लिए सूचित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्चे भी वितरित किए जा रहे हैं।

पलवल, संवाददाता। जिला पलवल के गांव छांयसा में स्वास्थ्य विभाग ने हेपेटाइटिस बी को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया है। गांव में मस्जिदों के लाउडस्पीकर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। पुराने इंजेक्शन और ब्लेड के इस्तेमाल से बचने की जानकारी दी जा रही है। गांव में मुनादी कर लोगों को बताया जा रहा है कि पुराने इंजेक्शन, सिरिंज और ब्लेड का दोबारा इस्तेमाल करने से गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा हेपेटाइटिस बी के फैलने के कारणों और उससे बचाव के तरीकों पर आधारित पर्चे भी बांटे जा रहे हैं। ये पर्चे खास तौर पर उन लोगों को दिए जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
गांव के सरपंच मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि रोजाना मस्जिदों के लाउडस्पीकर से भी लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है। इसके जरिए ग्रामीणों को समय पर जांच कराने और सुरक्षित तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहा है, लेकिन लोगों को भी अपनी सेहत को लेकर गंभीर होना होगा। जागरूकता से ही बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


