बारिश से सड़कों में गड्ढे, राहगीर परेशान
फरीदाबाद में 10 एमएम बारिश ने सड़कों की खराब हालत को उजागर किया है। जलभराव और गड्ढों के कारण वाहन रुक गए हैं, खासकर बल्लभगढ़ सोहना रेलवे ओवरब्रिज के पास। लोग सड़क मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। शहर में 10 एमएम बारिश ने सड़कों की सड़कों की हालत की पोल दी। शहर पर जगह जगह गड्ढे बन गए। जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार थम गई। सबसे अधिक खराब हालात बल्लभगढ़ सोहना रेलवे ओवरब्रिज की बनी हुई है। हाईवे साइड सड़कों पर गड्ढे होने से रोजाना जाम लग रहा है, जिससे लोग काफी परेशान है। शहर में दो दिन लगातार करीब 10 एमएम बारिश हुई। बारिश के चलते शहर में जगह जगह जलभराव हो गया। सड़के पानी से लबालब हो गई। सबसे ज्यादा खराब हालात डबुआ 60 फुट रोड, बड़खल गांव, राजीव कॉलोनी, सरूरपुर, गांधी कॉलोनी, ग्रेटर फरीदाबाद ओर बल्लभगढ़ सोहना रोड क्षेत्र में सबसे ज्यादा खराब स्थिति देखने को मिल रही है। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं, जबकि ट्रैफिक जाम की समस्या रोजाना बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली बारिश में ही सड़कें टूट जाती हैं। शहर की कई कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। गहरे गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.
एनआईटी की मुख्य सड़कें सबसे ज्यादा प्रभावित
एनआईटी क्षेत्र की सड़कें कई जगह से टूट चुकी हैं। यही हालत ग्रेटर फरीदाबाद की सड़कों की बनी हुई है, जहां गड्ढों की समस्या ज्यादा है। सुबह ऑफिस और स्कूल के समय यहां लंबा जाम लग रहा है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि भारी वाहनों की आवाजाही और जल निकासी की खराब व्यवस्था के कारण सड़कें तेजी से खराब हो रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात शुरू होने के बाद अस्थायी पैचवर्क किया जाता है, जो कुछ दिनों में फिर उखड़ जाता है। लोगों ने खराब निर्माण गुणवत्ता की जांच कराने की मांग भी उठाई है.
दो साल में जर्जर हुई रेलवे ओवरब्रिज की सड़क
बल्लभगढ़ रेलवे ओवरब्रिज की सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा चिंता बढ़ाने वाली बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब दो साल पहले लगभग 80 लाख रुपये खर्च कर पुल की सड़क का मरम्मत कार्य कराया गया था। लेकिन अब सड़क दोबारा पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। पुल पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाता है। यह पुल दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग और बल्लभगढ़ शहर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। रोजाना हजारों वाहन यहां से गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण वाहनों की गति धीमी हो जाती है और सुबह-शाम लंबा जाम लग रहा है। कई बार एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती हैं.
रोड सेफ्टी बैठक में उठा मुद्दा, फिर भी काम शुरू नहीं
रेलवे ओवरब्रिज की खराब सड़क का मुद्दा हाल ही में हुई रोड सेफ्टी समिति की बैठक में भी उठा था। अधिकारियों को जल्द मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक मौके पर काम शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वाहन चालकों का कहना है कि पुल की सड़क पर रोज हादसे का खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय गड्ढों का पता नहीं चलने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। कई वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से टक्कर का शिकार हो रहे हैं.
लोगों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
शहरवासियों ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग से खराब सड़कों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही महीनों में टूट जाती हैं। लोगों ने जल निकासी व्यवस्था सुधारने, निर्माण गुणवत्ता की जांच कराने और बरसात से पहले सड़कों की समय पर मरम्मत कराने की मांग उठाई है, ताकि आने वाले मानसून में परेशानी और न बढ़े.
सड़कों की जल्द मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा।
- प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


