
बारिश से ठंडक ने दस्तक दी, हाईवे पर वाहन जाम में फंसे
फरीदाबाद में मंगलवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन जलभराव के कारण यातायात में रुकावट आई। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे और कई...
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट सिटी में मंगलवार को हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। इस बारिश से गुलाबी ठंड की आहट होने लगी है। इससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन जलभराव होने से वाहन चालकों की आफत बढ़ गई। शहर के रेलवे पुलों, हाईवे की सर्विस रोड और अंडरपास पर रफ्तार थमने से ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया। इससे वाहन चालक घंटों परेशान रहे। स्मार्ट सिटी में मंगलवार को अधिकतम 27, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया। ठंड बढ़ने से लोगों ने कूलर और एसी बंद कर दिए। वहीं, सुबह के समय बिना पंखे भी मौसम ठंड अनुभव हो रही थी।

स्मार्ट सिटी में पांच वर्ष बाद ऐसा मौसम हुआ है कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में इतना कम तापमान रहा हो। इससे पूर्व वर्ष 2020 में ऐसा मौसम रहा था। एक ओर बारिश से जिले में गुलाबी ठंड ने दस्तक दी। दूसरी ओर बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। यह जलभराव लोगों की परेशानी का कारण बन गया। जलभराव के चलते ड्यूटी पर जाने वाले लोगों को जाम से जूझना पड़ा। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। अंडरपास से गुजरने वाले कई लोगों के वाहन जलभराव की वजह से बंद हो गए। उन्हें धक्का मारकर अपने वाहन बाहर निकालने पड़े। इसके अलावा ऐसा ही कुछ हाल राष्ट्रीय राजमार्ग से नीलम सिनेमा की ओर वाले रास्ते पर भी था। अजरौंदा चौक से नीलम रेलवे ओवर ब्रिज से नीलम चौक आने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। नीलम चौक पर बारिश से टूटी सड़क के कारण ट्रैफिक घंटों रेंगता रहा। नीलम सिनेमा से लेकर अजरौंदा चौक तक जाम की स्थिति बनी रही। ----- बल्लभगढ़ में भी जाम रहा बारिश का पानी बल्लभगढ़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी रहा। रेलवे सोहना पुल पर भी जाम रहा। वाहनों के अलावा पैदल आवाजाही करने वालों को भी परेशानी हुई। उन्हें जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। वहीं मुजेसर मोड़ नेशनल हाईवे में भी जलभराव था। वहीं सेक्टर छह-सात की डिवाइडिंग पर ही जलभराव रहा। यहां पर निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं होने की वजह से बारिश का पानी खड़ा हुआ था। इसके अलावा संजय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी सहित कई जगहों पर जलभराव रहा। हालांकि की बारिश रुकने के डेढ़ से दो घंटे बार पानी निकल गया, लेकिन सड़कों पर हो रहे गड्ढों में भरे पानी से वाहन चालक दिनभर परेशान रहे। --------- यहां भी जाम का सामना करना पड़ा बारिश के चलते दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे के ओल्ड फरीबाद चौराहा, ग्रीन फील्ड रेलवे अंडरपास, एनएचपीसी चौराहा, बाटा चौराहा, बीके चौक, पल्ला, जैतपुर-इस्माइलपुर रोड, आदि स्थानों पर दोपहर के समय जाम की स्थिति बनी रही। ------ इस सप्ताह तापमान में गिरावट आएगी मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। जिलेवासियों को पूरी तरह गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




