ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में 10 शिकायतों का निपटान
पलवल में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की बैठक में 14 में से 10 शिकायतों का तुरंत समाधान किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समय पर निपटान किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही और आरोपी अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पलवल, संवाददाता। पलवल में गुरुवार को जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 14 में से 10 शिकायतों का मौके पर समाधान कराया। बैठक में विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने हर शिकायत को गंभीरता से देखने पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। बैठक में रखी गई 14 शिकायतों में से 10 शिकायतों को मौके पर ही सुलझाया गया।
बाकी मामलों पर भी संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि शिकायतों का समय पर निपटान आम लोगों में भरोसा बढ़ाता है और शासन-प्रशासन की कार्यकुशलता भी मजबूत होती है। आरोपी अध्यापकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश बैठक के दौरान मंत्री ने भानू प्रकाश, प्रभु दयाल, उषा रानी, डालचंद, शिवकुमार, रोहताश, त्रिलोक, असलम, मंजू वशिष्ठ और विद्या सागर सहित कई शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। विद्या सागर की शिकायत पर उन्होंने 60 दिनों के भीतर आवासीय क्षेत्र से सूअर फार्म हटाने के निर्देश दिए। असलम की शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायत पर मंत्री ने आरोपी अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि बिजली विभाग के अधिकारी किसी मामले में दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता आरती सिंह राव ने कहा कि पूरे प्रदेश में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं का विस्तार और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कोई भी निर्माण कार्य या सुविधा पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए और मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में मौजूद रहे अधिकारी और समिति सदस्य बैठक में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार, एसडीएम पलवल ज्योति, एसडीएम होडल बेलीना, नगराधीश अप्रतिम सिंह, जिला परिषद सीईओ जितेंद्र कुमार, डीएमसी मनीषा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




