नशा और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
फरीदाबाद के गांव छायंसा में हेपेटाइटिस बी और सी के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग नशा तस्करों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। विभाग जल्द ही छापेमारी करेगा। पुराने सुइयों के इस्तेमाल से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने जागरूकता अभियान शुरू किया है।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। गांव छायंसा में बढ़ते हेपेटाइटिस बी और सी के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नशा तस्करों, झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर विभाग की ओर से जल्द छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। विभाग को सूचना मिली है कि कुछ झोलाछाप डॉक्टर मरीजों के इलाज में पुरानी और इस्तेमाल की हुई सिरिंज व सुइयों का प्रयोग करते हैं, जिससे हेपेटाइटिस का संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है। गांव में हुई मौतों की एक वजह यह भी सामने आई है। इसके अलावा नए मिल रही मरीजों में भी पुरानी सुइयों के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।
सूचना पर विभाग ने धरपकड़ अभियान शुरू करने की तैयारी की है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि हेपेटाइटिस बी और सी जैसी गंभीर बीमारियां दूषित सुइयों के इस्तेमाल से तेजी से फैल सकती हैं। इसलिए गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि लोग बिना पंजीकरण वाले डॉक्टरों से इलाज न कराएं। इधर, सतर्कता के तहत विभाग मृतकों की बीमारी की हिस्ट्री खंगाल रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संक्रमण का स्रोत क्या रहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) में मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है, जिससे स्टाफ की कमी भी उजागर हुई है। अतिरिक्त डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की मांग की गई है। साथ ही, गांव में पेयजल की गुणवत्ता और क्लोरीनेशन व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई जगहों से पानी के सैंपल लिए गए हैं और उनकी जांच जारी है। सरपंच माेहम्मद इस्लाम और ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, जिससे भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और संक्रमण पर जल्द नियंत्रण पाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




