कई ट्यूबवेल पर क्लोरिनेशन तकनीक से गुणवत्ता सुधरेगी
फरीदाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने पेयजल की गुणवत्ता को सुधारने के लिए 28 ट्यूबवेलों पर ऑटोमेटिक क्लोरिनेशन सिस्टम लगाने की योजना बनाई है। यह प्रणाली पानी में क्लोरीन की सही मात्रा को सुनिश्चित करेगी और इससे जल की शुद्धता में सुधार होगा। विशेष रूप से सेक्टर-56, 56ए और 62 को प्राथमिकता दी जाएगी।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। प्राधिकरण के सेक्टरों में पेयजल की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए लिए 28 ट्यूबवेलों पर अत्याधुनिक गैस आधारित ऑटोमेटिक क्लोरिनेशन सिस्टम लगाने की तैयारी की गई। इस योजना पर आगामी 15 दिनों में काम शुरू होने की उम्मीद है। शहर में एचसवीपी के करीब 49 सेक्टर हैं। इनमें करीब 30 ट्यूबवेलों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। अभी तक इन ट्यूबवेलों से निकलने वाले पानी में क्लोरीन का मिश्रण मैनुअल तरीके से यानी हाथों से किया जाता है।
इस प्रक्रिया में मानवीय चूक की संभावना बनी रहती है। कई बार पानी में क्लोरीन की मात्रा या तो बहुत अधिक हो जाती है या फिर मानकों से कम रह जाती है, जिससे पानी का स्वाद और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होते हैं। नए ऑटोमेटिक सिस्टम के लगने से पानी में क्लोरीन की सटीक मात्रा स्वतः ही घुल जाएगी, जिससे शुद्धता का स्तर बना रहेगा। -- इन सेक्टरों को मिलेगा विशेष लाभ एचएसवीपी की योजना के अनुसार सेक्टर-56, 56ए और सेक्टर-62 को विशेष रूप से प्राथमिकता दी गई है। इन इलाकों के सात प्रमुख ट्यूबवेलों को भी इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इन सेक्टरों में आबादी के बढ़ते दबाव को देखते हुए पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। कुल 28 ट्यूबवेलों को इस तकनीक से लैस करने के बाद शहर के एक बड़े हिस्से को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। -- वर्जन ऑटोमेटिक क्लोरिनेशन सिस्टम न केवल पानी को सुरक्षित बनाएगा, बल्कि यह समय की भी बचत करेगा। हमारा लक्ष्य हर घर तक मानकों के अनुरूप शुद्ध पानी पहुंचाना है। इस तकनीक के आने के बाद पानी में बैक्टीरिया पनपने का खतरा शून्य हो जाएगा। - संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


