
11 से 13 नवंबर तक होगी सीनियर हरियाणा स्टेट चैम्पियनशिप
संक्षेप: पलवल में 11 से 13 नवंबर तक हरियाणा राज्य चैम्पियनशिप आयोजित की जाएगी। इसके लिए 2 से 4 नवंबर तक ट्रायल होंगे। उपायुक्त ने बताया कि विभिन्न खेलों के लिए टीमों का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों को आवश्यक दस्तावेज लाने के लिए कहा गया है।
पलवल, वरिष्ठ संवाददाता। जिले में 11 से 13 नवंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में सीनियर हरियाणा स्टेट चैम्पियनशिप आयोजित की जाएगी। इसे लेकर पलवल में दो से चार नवंबर तक ट्रायल होंगे।प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि खेल विभाग के निर्देशानुसार वालीबाल, हैंडबाल, बैडमिंटन, बास्केटबाल, स्वीमिंग और एथलेटिक्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। चैम्पियनशिप का शुभारंभ 11 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का जिला स्तर पर चयन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे टीमों का चयन कर चार नवंबर तक सूची निदेशालय को भेजें।

जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने बताया कि जिले में खिलाड़ियों के ट्रायल 2 से 4 नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्थाई निवासी प्रमाण पत्र और फोटोग्राफ साथ लाने जरूरी है। स्वीमिंग के ट्रायल 2 नवंबर को दोपहर 12 बजे बंशी विद्या निकेतन में होंगे। एथलेटिक्स के लिए लड़कों के ट्रायल 3 नवंबर को और लड़कियों के 4 नवंबर को राजीव गांधी खेल परिसर खेड़ला में सुबह 9 बजे होंगे। वालीबाल के ट्रायल 3 नवंबर को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में, हैंडबाल के 4 नवंबर को वहीं सुबह 9 बजे, बैडमिंटन के ट्रायल 4 नवंबर को सुबह 10 बजे इंडोर मल्टीपर्पज हॉल में तथा बास्केटबॉल के ट्रायल 4 नवंबर को शाम 4 बजे स्टेडियम में होंगे। खुशवंत सिंह ने बताया कि सभी खेल प्रशिक्षक अपनी-अपनी खेल विधाओं में चयन प्रक्रिया की देखरेख करेंगे ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




