
निर्बाध आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मरों पर कूलर लगाए जाएंगे
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजलीघरों के रखरखाव और मरम्मत की तैयारी पूरी कर ली है। सभी मुख्य अभियंताओं को लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने और ट्रांसफार्मर के प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। तापमान बढ़ने से बिजली की खपत में वृद्धि होती है, जिससे विभाग को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड प्रबंधन ने गरमी के मौसम में निर्बाध बिजली की आपूर्ति के लिए बिजलीघरों के रखरखाव, मरम्मत और लंबित कार्यों के निपटारे की तैयारी कर ली है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड प्रबंधन ने सभी मुख्य अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में अपनी तैयारी पूरी करने का आदेश दिया है। गरमी के मौसम में पिछले कुछ सालों में अचानक तेजी से तापमान बढ़ रहा है। तापमान बढ़ने की वजह से तेजी से बिजली की खपत बढ़ जाती है। कई बार खपत विभाग के अनुमान से ज्यादा होती है। इससे बिजलीषरों की लाइनों और ट्रांसफार्मरपर लोड बढ़ जाता है।
इससे विभाग को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके मददेनजर विभाग निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए अपनी पूरी तैयारी करता है। विभागीय मुख्यालय ने सभी मुख्य अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को गरमी के मौसम की तैयारियों के लिए सचेत करने के लिए पत्र भी लिखा है। पत्र में अधिकारियों को लंबित कार्यों को समय से पूरा करने, मरम्मत कार्य निपटाने, और ट्रांसफार्मर का इंतजाम रखने के लिए कहा गया है। अलग-अलग गोदाम या बिजलीषरों में रखे अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की सूची भी बनाई जाए, ताकि किसी बिजलीघर का ट्रांसफार्मर जलता है तो उसे बदलने में कम से कम समय लगे। गरमी के मौसम में तापमान बढ़ने पर ट्रांसफार्मर गर्म हो जाते हैं। इस वजह से बिजली आपूर्ति करने में दिक्कत आती है। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए विभागीय अधिकारियों को समय से पहले ही कूलर आदि का इंतजाम करने के लिए कहा गया है, ताकि कूलर चलाकर ट्रांसफार्मर को निर्धारित मानक से ज्यादा गर्म होने से रोका जा सके। इसके अलावा गरमी के मौसम में बिजलीघरों की ट्रांसमीशन लाइनों का रात में सर्वे करना होगा, ताकि ओवरलोड होने से बनने वाले रेड हॉट प्वाइंटस का पता चल सके। वहीं कई बार ट्रांसफार्मर से तेल लीक होने लगता है। इससे बिजली आपूर्ति में दिक्कत आती है। इसे देखते हुए तेल लीक जैसी समस्याओं का समाधान पहले करना होगा। वहीं बिजलीषरों की मासिक मरम्मत के समय सीटी,पीटी आदि की सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा जिन-जिन बिजलीघरों में ट्रांसफार्मर बदलने या नई लाइन डालने आदि के जो कार्य निकट भविष्य में पूरे होने हैं। उन्हें तय समय में पूरा करवाया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




