Faridabad News: कैबिनेट मंत्री ने बच्चों से राखी बंधवाई
Faridabad News: फरीदाबाद में रक्षाबंधन पर हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल ने विशेष बच्चों के साथ रक्षासूत्र बांधकर पर्व के जश्न में भाग लिया। उन्होंने बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का महत्व बताते हुए कहा कि वे समाज का भविष्य हैं। गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को भी साझा किया।

Faridabad News: फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने शुक्रवार को फरीदाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने गीता मंदिर में विशेष बच्चों के साथ रक्षा सूत्र बांधा और उनके साथ आत्मीय संवाद किया। इसके बाद फरीदाबाद स्थित अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शहर की बेटियों से रक्षासूत्र बंधवाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। विशेष बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए विपुल गोयल ने कहा कि बच्चों के चेहरों की मुस्कान ही इस पर्व की सबसे बड़ी खुशी है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, सम्मान और अपनत्व के साथ समाज के हर वर्ग को जोड़ने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि समाज में कोई व्यक्ति स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे, इसके लिए सामूहिक संवेदनशीलता जरूरी है। फरीदाबाद की बेटियों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि बेटियां देश के उज्ज्वल भविष्य की धरोहर हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और कौशल विकास के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना केवल परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। केंद्र और हरियाणा सरकार महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार कार्य कर रही है।


