
रजिस्ट्री के लिए ढाई हजार से ज्यादा आवेदन आए : विपुल गोयल
संक्षेप: हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली सफलतापूर्वक चल रही है। 2,778 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 927 रजिस्ट्री पूरी हो चुकी हैं। नागरिकों के लिए कई सुधार किए गए हैं, जैसे डुप्लीकेट भूमि डेटा का संशोधन। 12 नवंबर से आपत्ति के साथ जवाब देने की सुविधा भी शुरू होगी। यह प्रणाली डिजिटल शासन की दिशा में एक कदम है।
फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली सुचारू रूप से चल रही है। राज्यभर में ढाई हजार से ज्यादा आवेदन आए हैं। सभी रजिस्ट्री कार्यालय पूरी तरह क्रियाशील हैं और नागरिकों को बिना रुकावट सेवाएं मिल रही हैं। शनिवार को जारी बयान में मंत्री विपुल गोयल ने यह दावा किया है। हरियाणा सरकार के राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी रजिस्ट्री कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली पूरी तरह चालू है। किसी भी स्थान पर रजिस्ट्री सेवाएं निलंबित नहीं हैं। प्रणाली लागू होने के बाद अब तक 2,778 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 927 रजिस्ट्री पूरी हो चुकी हैं।

495 आवेदनों की तिथि तय की जा चुकी है, जबकि 327 आवेदन अपूर्ण दस्तावेजों के कारण अस्वीकृत किए गए हैं। शेष आवेदन पांच कार्य दिवसों के भीतर पूरे किए जा रहे हैं। विभाग के अनुसार, नागरिकों की सुविधा के लिए कई सुधार किए गए हैं। अब डुप्लीकेट भूमि डेटा संशोधित किया गया है। हाउसिंग बोर्ड और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) क्षेत्रों में अब संपत्ति पहचान संख्या से रजिस्ट्री की जा सकेगी। लाइसेंसशुदा कॉलोनियों का डेटा शहरी स्थानीय निकाय से जोड़ा गया है। साझेदारी विलेख की करैक्टर सीमा 10,000 कर दी गई है और दस्तावेज़ अपलोड सीमा 40 मेगाबाइट तक बढ़ाई गई है। इसके अलावा, 12 नवंबर से आपत्ति के साथ जवाब दें सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे नागरिक त्रुटियां सुधारकर दस्तावेज़ पुनः अपलोड कर सकेंगे, वह भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के। विभाग का कहना है कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली हरियाणा सरकार के डिजिटल शासन और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम है। सरकार का लक्ष्य नागरिकों को संपत्ति संबंधी कार्यों में सरल, त्वरित और निष्पक्ष सेवा उपलब्ध कराना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




