
योजना: रिचार्ज वेल से भूजल स्तर सुधरेगा
फरीदाबाद के सेक्टर-56 और 56ए में जलभराव की समस्या का हल निकालने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने पांच रिचार्ज वेल बनाने की योजना बनाई है। इससे बरसात का पानी जमीन में समाहित होगा और भूजल स्तर में सुधार होगा। यह योजना जल निकासी और सड़क की स्थिति में सुधार लाने में मदद करेगी।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-56 और 56ए में जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से बारिश के निकासी की योजना तैयार की गई है। योजना के तहत क्षेत्र में पांच रिचार्ज वेल बनाए जाएंगे, जिससे बरसात के पानी का बेहतर निस्तारण हो सकेगा और भूजल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। मानसून के दौरान दोनों सेक्टरों में जलभराव की भारी समस्या रहती है। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन खराब हो जाते हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को होती है। वहीं दूसरी तरफ शहर का भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। एनआईटी के कई इलाकों में भूजल स्तर 500 फीट नीचे पहुंच गया है, जिस कारण नगर निगम का ट्यूबवेल लगाने पर वह दो साल से ज्यादा नहीं चलता है। उसके बाद फिर से बोरिंग करनी पड़ती है। गिरते भूजल स्तर को सुधारने व सेक्टर-56, 56ए में लोगों को जलभराव से राहत देने के लिए एचएसवीपी ने दोनों सेक्टर में पांच रिचार्ज वेल बनाने की तैयारी की है। रिचार्ज वेल बनने से वर्षा जल सीधे जमीन में समाहित होगा, जिससे जलभराव की समस्या में काफी हद तक सुधार होने की उम्मीद है। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज के रखरखाव और मजबूतीकरण के तहत किया जाएगा। विभिन्न उपयुक्त स्थानों पर रिचार्ज वेल बनाए जाएंगे, ताकि पूरे सेक्टर में जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो सके। इससे सेक्टरों में जलभाव कम होगा और सड़कों की स्थिति भी सुधरेगी। -- वर्जन सेक्टरों में भूजल सुधारने और लोगों को जलभराव से निजात दिलाने की योजना तैयार की गई है। इस तरह की योजनाओं से न केवल जलभराव की समस्या कम होगी, बल्कि वर्षा जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में अन्य सेक्टरों में भी इसी प्रकार की परियोजनाएं लागू की जाएंगी। -संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




