Faridabad News: बाल देखभाल संस्थानों में सीसीटीवी फुटेज साझा करने पर रोक
Faridabad News: हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने बाल देखभाल संस्थानों में सीसीटीवी के उपयोग को लेकर वैधानिक परामर्श जारी किया है। संस्थानों को बच्चों की निजता, गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी तथा 15 दिनों में अनुपालन रिपोर्ट देनी होगी। फुटेज तक पहुंच अधिकृत कर्मचारियों तक सीमित रहेगी। शौचालयों, स्नानघरों और कपड़े बदलने वाले स्थानों में कैमरे लगाने पर प्रतिबंध है।

Faridabad News: पलवल, अभिषेक शर्मा। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने प्रदेश के सभी बाल देखभाल संस्थानों में बच्चों की निजता, गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के उपयोग को लेकर वैधानिक परामर्श जारी किया है। आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण ने महिला एवं बाल विकास विभाग, सभी उपायुक्तों और जिला बाल संरक्षण अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी कैमरों का उद्देश्य केवल संस्थागत सुरक्षा और बाल संरक्षण होना चाहिए। फुटेज तक पहुंच, रिकॉर्डिंग के भंडारण और उसके उपयोग के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करना अनिवार्य होगा। यह परामर्श बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम के तहत जारी किया गया है। सीसीटीवी सिस्टम और उसके पासवर्ड पर संस्थान के प्रभारी का नियंत्रण रहेगा। केवल अधिकृत कर्मचारी ही फुटेज देख सकेंगे। निजी मोबाइल फोन और लैपटॉप से सिस्टम जोड़ने तथा अनधिकृत रूप से फुटेज डाउनलोड करने, कॉपी करने या वॉट्सऐप और सोशल मीडिया पर साझा करने पर प्रतिबंध रहेगा। रिमोट एक्सेस भी सामान्य रूप से बंद रखना होगा। आयोग ने बच्चों की निजता और गरिमा को सर्वोपरि बताते हुए शौचालयों, स्नानघरों और कपड़े बदलने वाले स्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। डीवीआर और एनवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखने, पासवर्ड नियमित रूप से बदलने और घटना से संबंधित फुटेज को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी उपयोग और बच्चों की निजता के निर्देश
-------
निरीक्षण में होगी सुरक्षा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण और नियमों के पालन की जांच
प्रत्येक संस्थान को अधिकृत उपयोगकर्ताओं और फुटेज उपलब्ध कराने का रिकॉर्ड रखना होगा। सुरक्षा उल्लंघन की सूचना तत्काल सक्षम प्राधिकारी को देनी होगी। राज्य और जिला स्तर के अधिकारी निरीक्षण के दौरान पासवर्ड सुरक्षा, फुटेज तक पहुंच, रिकॉर्डिंग के भंडारण और बालिकाओं के संस्थानों में अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की जांच करेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

