मेवात ने साहस, बलिदान और स्वाभिमान की परंपरा को बढ़ाया: मुख्यमंत्री

Feb 15, 2026 11:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तावडू में विकास रैली में 47.36 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मेवात की धरती ने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों की स्थिति पर भी जोर दिया और सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दी।

मेवात ने साहस, बलिदान और स्वाभिमान की परंपरा को बढ़ाया: मुख्यमंत्री

नूंह, मुख्य संवाददाता। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेवात ने हमेशा साहस, बलिदान और स्वाभिमान की परंपरा को आगे बढाया है। आजादी की लड़ाई में यहां के लोगों की अहम भूमिका रही। मुख्यमंत्री रविवार को तावडू में आयोजित सोहना-तावडू विकास रैली में बतौर मुख्य अथिति बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान 47.36 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। सोहना विधायक तेजपाल तंवर ने रैली का आयोजन किया। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह भी रैली में मौजूद थे। ऐतिहासिक गौरव और महाशिवरात्रि का संदेश रविवार को तावडू की अनाज मंडी में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात की धरती ने आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई।

1857 से लेकर स्वतंत्रता तक यहां के लोगों का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र मेहनती और संघर्षशील लोगों के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व आत्मचिंतन और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। उन्होंने लोगों के जीवन में स्वास्थ्य, शांति और सफलता की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए संस्कार और मेहनत जरूरी है। मुख्यमंत्री ने नलहड़ मंदिर में जलाभिषेक भी किया। करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मुख्यमंत्री ने रैली से पहले 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 11 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5 का शिलान्यास शामिल है। इन पर कुल 47.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। सोहना क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों में 1515 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। सब-डिविजनल कॉम्प्लेक्स, सड़कों की मरम्मत और पेयजल योजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 407 करोड़ रुपये के काम पाइपलाइन में हैं। संकल्प पत्र, बजट और विजन-2047 की बात मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। 2024 के संकल्प पत्र के 217 में से 60 वादे पूरे किए जा चुके हैं। बाकी पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा और आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बजट बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से प्रेरित होकर हरियाणा विजन-2047 तैयार किया गया है। इसमें राज्य के विकास का स्पष्ट रोडमैप तय किया गया है। किसान, स्वास्थ्य और रोजगार पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर हो रही है। अब तक किसानों को 1.64 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। फसल नुकसान पर हजारों करोड़ का मुआवजा मिला है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान योजना से लाखों लोगों का मुफ्त इलाज हुआ है। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस और कैंसर सेंटर शुरू किए गए हैं। रोजगार के क्षेत्र में बिना पर्ची-खर्ची के 1.80 लाख नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को विदेश रोजगार में भी मदद मिल रही है। सरकार प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही है केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि तावडू और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और उद्योग से जुड़े कई बड़े काम हुए हैं। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के पूरा होने से इस क्षेत्र को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विकास परियोजनाओं के लिए आभार जताया और केएमपी एक्सप्रेसवे की मरम्मत व तावडू में गुरुग्राम जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी। सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक कर्मठ और संवेदनशील नेता हैं, जो हर समय जनता की समस्याएं सुनते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे देर रात ही क्यों न हो, मुख्यमंत्री लोगों से संवाद करना नहीं छोड़ते। सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने मंच से तावडू को गुरुग्राम जिले में शामिल करने की मांग भी रखी और कहा कि इससे क्षेत्र को और अधिक विकास मिलेगा। सोहना-तावडू क्षेत्र को नई पहचान मिली सोहना विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि रैली में उमड़ा जनसैलाब मुख्यमंत्री के प्रति जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और सेवा का उदाहरण है। उनके नेतृत्व में सोहना-तावडू क्षेत्र को नई पहचान मिली है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी जैसे प्रोजेक्ट से क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ रोजगार नीति से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है और सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही यह उपस्थित रहे पटौदी से विधायक बिमला चौधरी, पूर्व मंत्री हरियाणा संजय सिंह, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता, हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन, ओएसडी सीएम राज नेहरू, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सहित काफी लोग मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।