Faridabad News: पोर्टल पर महिला की जमीन दूसरे के नाम दर्ज, योजनाओं का फर्जी तरीके से उठाया लाभ

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

Faridabad News: गुरुग्राम के खेतावास गांव में किसान शालू जोहर साहनी ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन को बिना जानकारी और सहमति के मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज कर सब्सिडी का लाभ लिया गया। उन्होंने पंजीकरण रिकॉर्ड और डिजिटल ऑडिट ट्रेल मांगा, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। कृषि विभाग ने भू-स्वामियों से पोर्टल पर पंजीकरण कराने और विवाद होने पर आपत्ति दर्ज करने की अपील की।

Faridabad News: पोर्टल पर महिला की जमीन दूसरे के नाम दर्ज, योजनाओं का फर्जी तरीके से उठाया लाभ

Faridabad News: गुरुग्राम, गौरव चौधरी। हरियाणा सरकार द्वारा किसानों और उनकी फसलों का ब्योरा दर्ज करने के लिए शुरू किए गए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल के सत्यापन में एक बडी गड़बडी ने सवाल खड़े कर दिए है। फर्रुखनगर तहसील के खेतावास गांव में वर्ष 2005 से कृषि भूमि की मालकिन और काश्तकार शालू जोहर साहनी की जमीन को किसी अनजान व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी से अपने नाम पर पंजीकृत करा लिया गया। पीड़िता जब अपनी फसल के लिए सरकारी दुकान से खाद (उर्वरक) लेने गईं, तब उन्हें पता चला कि उनकी जमीन पर कोई अन्य व्यक्ति पंजीकृत है और सब्सिडी का लाभ उठा रहा है।

पोर्टल पर जमीन पंजीकरण में धोखाधड़ी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि संजय नाम के एक व्यक्ति ने उनकी बिना जानकारी, सहमति या दस्तावेज के ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण का सहारा लेकर उनकी जमीन को पोर्टल पर पंजीकृत कर लिया। जब पीड़िता ने इस धोखाधड़ी का ब्योरा जुटाने और यह जानने के लिए कि उनकी जमीन पर कौन और कितनी सब्सिडी उठा चुका है, सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने शुरू किए, तो उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी या डिजिटल ऑडिट ट्रेल नहीं दिया गया। पीड़िता ने कृषि और राजस्व विभाग से जमीन के पंजीकरण का पूरा इतिहास, प्रस्तुत किए गए दस्तावेज, मोबाइल नंबर तथा ओटीपी प्रमाणीकरण का डिजिटल रिकॉर्ड मांगने की गुहार लगाई है,ताकि धोखाधड़ी करने वाले का सच सामने आ सके।इसको लेकर कई जगह शिकायत देने के बाद भी सही जानकारी नहीं मिली। अधिकारी अलग-अलग विभाग की जिम्मेदारी बताकर गुमराह करने में लगे हुए हैं।

संजय ने अनजान होने का किया दावा

इस मामले में उनकी जमीन का पंजीकरण करवाने वाले संजय से बात की गई तो उसने दावा किया कि उसे इस बारे में कुछ नहीं पता। आरोपी के अनुसार, स्थानीय सरपंच और कृषि व राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने उसका विवरण सिस्टम में दर्ज किया था और उससे केवल ओटीपी मांगा था। हालांकि, जब अधिकारियों से पूछा गया कि नाम का दुरुपयोग होने पर उसने पुलिस या प्रशासन में शिकायत क्यों दर्ज नहीं कराई, तो उसके पास कोई जवाब नहीं था।

कृषि विभाग ने भू-स्वामियों से की अपील

सब्सिडी का लाभ न लेने पर पंजीकरण अवश्य कराएं

कृषि विभाग के उपनिदेशक अनिल तंवर ने बताया कि विभाग लगातार भू-स्वामियों से अपील कर रहा है कि वे सब्सिडी का लाभ न लेने की स्थिति में अपनी जमीन का पंजीकरण पोर्टल पर स्वयं अवश्य कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन के मालिक के अलावा केवल वही व्यक्ति पंजीकरण करा सकता है, जिसने खेती के लिए जमीन किराए/लीज पर ली हो। यदि किसी भी जमीन के पंजीकरण को लेकर कोई दुरुपयोग या विवाद सामने आता है, तो असली भू-स्वामी पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करा सकता है, जिसके बाद राजस्व अधिकारियों द्वारा सत्यापन कर रिकॉर्ड को तुरंत ठीक कर दिया जाएगा।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦शालू जोहर साहनी को जमीन के पंजीकरण में गड़बड़ी का पता कैसे चला?−
जब वह अपनी फसल के लिए सरकारी दुकान से खाद लेने गईं, तब उन्हें पता चला कि उनकी जमीन पर कोई अन्य व्यक्ति पंजीकृत है और सब्सिडी का लाभ उठा रहा है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर NewsफरीदाबादFaridabad News: पोर्टल पर महिला की जमीन दूसरे के नाम दर्ज, योजनाओं का फर्जी तरीके से उठाया लाभ