ग्रेटर फरीदाबाद के खस्ताहाल सड़कें फिर से बनेंगी
फरीदाबाद, धनंजय चौहान। ग्रेटर फरीदाबाद में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। ग्रेटर फरीदाबाद में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से टिकावली मोड़ से जाट चौक और भूपानी मोड़ से खेड़ी गांव मोड़ तक नए सिरे से सड़क बनाई जाएगी। इसे लेकर प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी है। अगले महीने से योजना पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
सड़कों की स्थिति
टिकावली मोड़ से जाट चौक और भूपानी मोड़ से खेड़ी गांव मोड़ तक दोनों की सड़कें करीब 10 किलोमीटर लंबी हैं। ट्रैफिक का दवाब बढ़ने और सड़के खस्ताहाल होने से यहां रोजाना भारी जाम लगता है। खासकर सुबह-शाम इन सड़कों से निकलना लोगों के मुश्किल हो जाता है। सड़कों की मरम्मत कराने की मांग को लेकर स्थानीय लोग कई बार एफएमडीए को ज्ञापन सौंप चुके है। लोगों का आरोप है कि सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और हादसों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं कई बार वाहन चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों की अपेक्षाएं
दूसरी तरफ ग्रेटर फरीदाबाद तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। यहां लगातार आबादी बढ़ रही है। क्षेत्र के कई सेक्टरों, गांवों और मुख्य सड़कों का संपर्क इसी मार्ग से जुड़ा हुआ है। रोजाना हजारों वाहन इन सड़कों से गुजरते हैं। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र, व्यापारिक वाहन और स्थानीय निवासी लंबे समय से सड़क सुधार की मांग कर रहे थे। अब सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ये काम किए जाएंगे
योजना के तहत सड़क की री-कारपेटिंग, टूटे हुए हिस्सों की मरम्मत, सड़क की सतह को मजबूत बनाने और आवश्यक स्थानों पर पैचवर्क जैसे कार्य किए जाएंगे। सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि भविष्य में सड़क जल्दी खराब न हो। निर्माण एजेंसी को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
काम पूरा करने का लक्ष्य तय
प्राधिकरण ने पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए पांच महीने की समय सीमा निर्धारित की है। हालांकि मुख्य कैरिज-वे यानी सड़क के मुख्य हिस्से का कार्य दो महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे लोगों को लंबे समय तक ट्रैफिक जाम और आवागमन की परेशानी का सामना न करना पड़े। निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग और सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।
वर्जन
ग्रेटर फरीदाबाद में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़क सुधार योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। सड़क का कार्य अगले सप्ताह शुरु करने का प्रयास है। -केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए
--
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


