
ग्रेटर फरीदाबाद में पहला जिमखाना क्लब जल्द बनेगा
संक्षेप: ग्रेटर फरीदाबाद में जिमखाना क्लब बनाने की योजना को मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। एचएसवीपी ने इसके निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये का संशोधित प्रस्ताव तैयार किया है। यह क्लब क्षेत्र के तीन लाख निवासियों को सामाजिक और मनोरंजन गतिविधियों का स्थान प्रदान करेगा।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। ग्रेटर फरीदाबाद में जिमखाना क्लब बनाने की योजना को सिरे चढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एचएसवीपी की ओर से क्लब के निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपये का संशोधित प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के करीब तीन लाख लोगों को राहत मिलेगी। स्मार्ट सिटी में अभी दो जिमखाना क्लब हैं, जिनका संचालन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा किया जाता है। लेकिन तेजी से विकसित हो रहे ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में अभी तक कोई क्लब नहीं था, जहां निवासी मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक साथ जुड़ सकें।ऐसे

में लोगों को शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम निजी स्थलों पर महंगे खर्च पर करने पड़ते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए एचएसवीपी ने सेक्टर-78 में आधुनिक सुविधाओं से लैस जिमखाना क्लब बनाने की योजना तैयार की है। -- वर्ष 2014 में हुई थी घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान ग्रेटर फरीदाबाद में जिमखाना क्लब बनाने की घोषणा की थी। वर्ष 2022 में एचएसवीपी ने इसके लिए लगभग 16 करोड़ रुपये का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार किया था। लेकिन डिजाइन में बदलाव और लंबे समय तक योजना के ठहराव के चलते इसे दोबारा संशोधित कर अब 23 करोड़ रुपये का रिवाइज प्रस्ताव तैयार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पहले ग्रेटर फरीदाबाद की आबादी कम होने के कारण यह योजना कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई थी। अब इस क्षेत्र में आबादी तेजी से बढ़ी है। कई नई सोसायटियां बस चुकी हैं, बड़े-बड़े व्यावसायिक केंद्र विकसित हो चुके हैं और प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर भी यहीं विकसित किया जा रहा है। ऐसे में अब जिमखाना क्लब की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। -- वर्जन जिमखाना क्लब का प्रस्ताव मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उसके बाद क्लब का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। यह क्लब ग्रेटर फरीदाबाद के लोगों को मनोरंजन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक शानदार मंच प्रदान करेगा। - मनोज सैनी, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




