
वेतन घोटाले में डीडीओ समेत दो पर मामला दर्ज
नूंह के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगार, पुन्हाना में वेतन घोटाला सामने आया है। डीडीओ और एक मैसेंजर ने शिक्षक के यूनिक कोड का उपयोग करके 59 लाख 28 हजार रुपये से अधिक की राशि निकाली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी डीडीओ मोहम्मद अली और मैसेंजर वाहिद अहमद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नूंह। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगार, पुन्हाना के सरकारी स्कूल में वेतन घोटाला सामने आया है। इसमें डीडीओ ( ड्रॉइंग और डिस्बर्सिंग ऑफिसर) समेत दो लोगों ने 59 लाख 28 हजार रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। बिछोर थाना पुलिस ने इस मामले में एक शिक्षक की शिकायत पर उपरोक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित गणित अध्यापक हामिद हुसैन ने पुलिस को बताया कि वे वर्ष 2009 से 11 सितंबर वर्ष 2017 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगार पुन्हाना में तैनात थे। सितंबर 2017 में उनका तबादला झारोकरी हो गया था।

उसके बाद उन्होंने सिंगार स्कूल से एक रुपये एरियर, एलटीसी या शिक्षा भत्ते के नाम पर नहीं लिया था, लेकिन जब 2018 में उन्होंने अपने वेतन की रसीद निकलवाई तो दंग रह गए। उनके यूनिक कोड का इस्तेमाल करके मार्च 2018 में ही दो लाख 20 हजार 183 रुपये एरियर और 16 हजार 500 रुपये शिक्षा भत्ता निकाला गया था। दोनों बार खाता नंबर और नाम बदलकर यह रकम एचडीएफसी और आईडीबीआई बैंक के अलग-अलग खातों में जमा की गई थी। जून 2016 में उनकी 2016-19 ब्लॉक की एलटीसी के 49 हजार 140 रुपये भी बिना आवेदन के ही मैसेंजर वाहिद अहमद के खाते में डाल दिए गए थे। जब उन्होंने अपने नए स्कूल के डीडीओ से एलटीसी निकलवाने का प्रयास किया तो सिस्टम ने बता दिया कि एलटीसी पहले ही निकल चुकी है। जब इस मामले में उन्होंने सिंगार स्थित स्कूल के डीडीओ मोहम्मद अली और मैसेंजर वाहिद अहमद से जब बात की तो उन्होंने फर्जी चालान दिखाया, जिसमें सिर्फ 25 रुपये की रसीद थी। इसके बाद वाहिद अहमद ने उन्हें 49 हजार रुपये लौटा दिए। यूनिक कोड बदलकर घोटाले को अंजाम दिया गया: पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि तत्कालीन डीडीओ उर्दू लेक्चरर मोहम्मद अली और मैसेंजर वाहिद अहमद ने मिलीभगत से न सिर्फ उनका बल्कि कई अन्य कर्मचारियों का भी इसी तरह यूनिक कोड बदल-बदल कर लाखों रुपये का गबन किया। कुल राशि 59 लाख 28 हजार 224 रुपये से भी ज्यादा बताई जा रही है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले चार जुलाई 2018 को ही प्रधानाचार्य, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी , जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर शिक्षा निदेशालय पंचकूला तक कर दी थी । 28 नवंबर को पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देश पर बिछौर थाना पुलिस ने उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में मोहम्मद अली तत्कालीन डीडीओ, वाहिद अहमद मैसेंजर को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित ने पुलिस को पत्र लिखकर सिंगार स्कूल के 2016 से 2019 तक के सारे वित्तीय रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




