फायरकर्मियों के परिवार को 30 लाख और नौकरी, सरकार ने दी राहत
फरीदाबाद में मुजेसर की एक वर्कशॉप में आग बुझाते समय दो फायरकर्मियों की मौत हो गई। सरकार ने उनके परिवारों को 30 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 1665 करोड़ रुपये भी लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए।

चंडीगढ़/फरीदाबाद, सरसमल। मुजेसर की एक वर्कशॉप की आग बुझाते हुए ड्यूटी के दौरान दो फायरकर्मियों की मौत पर सरकार ने राहत दी है। हर परिवार को 30 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 1665 करोड़ रुपये भी योजना का लाभ उठाने वालों के खातों में ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि फरीदाबाद में हादसे में जान गंवाने वाले फायरकर्मियों के परिवारों को तुरंत आर्थिक मदद देने का फैसला लिया गया है। हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास के माध्यम से 10 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख रुपये प्रति परिवार दिए जाएंगे।
इसके साथ ही परिवार के एक आश्रित को एचकेआरएन के तहत नौकरी दी जाएगी। सरकार अतिरिक्त बीमा सहायता दिलाने के लिए भी प्रयास कर रही है, ताकि पीड़ित परिवारों को और सहारा मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को लगातार सहायता दे रही है। इसी क्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत 1665 करोड़ 25 लाख रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे गए हैं।इस राशि में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, दयालु योजना और अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए ट्रैक्टर सब्सिडी शामिल है। सरकार का उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


