गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइनों में जूझ रहे लोग
फरीदाबाद में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। बुकिंग के बावजूद कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोग इस अव्यवस्था से परेशान हैं और प्रशासन से समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहर में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते लोगों को समस्या कम नहीं हो रही है। हालात यह हैं कि उपभोक्ताओं को पहले सिलेंडर की बुकिंग के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और उसके बाद भी वितरक के पास जाकर सिलेंडर मिलना तय नहीं है। इस दोहरी परेशानी ने लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से स्मार्ट सिटी में गैस की भारी दिक्कत बनी हुई है। सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग जाती हैं।
कोई बुकिंग कराने के लिए पहुंच रहा है तो कोई बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या से जूझ रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी रसोई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो रही है। लाइन में लगे लोगों ने बताया कि सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है।एजेंसियों के बाहर और वितरक केंद्रों पर लगी लंबी लाइनों ने लोगों को नोटबंदी के दौर की याद दिला दी है, जब घंटों लाइन में लगने के बावजूद अनिश्चितता बनी रहती थी। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस अव्यवस्था के चलते उनका समय और श्रम दोनों बर्बाद हो रहे हैं। वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसियों पर सप्लाई कम आ रही है, जबकि मांग लगातार बढ़ रही है। लोगों ने वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी की भी शिकायत की है। उनका कहना है कि यदि बुकिंग के अनुसार समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सप्लाई में कहीं कोई समस्या नहीं है। पहले के मुताबिक सिलेंडर आ रहे हैं। लोग पैनिक होकर बुकिंग करवा रहे हैं। वहीं जिन घरों में पीएनजी कनेक्शन है वे भी बुकिंग करवा रहे हैं, जिससे समस्या बढ़ी है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं और वे जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।शहर में गैस की कोई समस्या नहीं है, जो लोग कालाबाजारी कर रहे हैं उनके खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।अब तक करीब नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है।-कविता परिहार, डीएफएससी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


