नीट-आईआईटी कोचिंग सत्र शुरू, मेवात के छात्रों को मिलेगा नया अवसर
नूंह में मेधावी विद्यार्थियों के लिए नीट और आईआईटी-जेईई की मुफ्त कोचिंग का नया सत्र शुरू हुआ। 11वीं-12वीं के छात्रों को रेजिडेंशियल सुविधा के साथ पढ़ाई कराई जाएगी। इस पहल से ग्रामीण बच्चों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। पिछले सत्र में छात्रों ने सफलताएं हासिल की थीं।

नूंह, सरसमल। नूंह में मेधावी विद्यार्थियों के लिए नीट और आईआईटी-जेईई की मुफ्त कोचिंग का सोमवार से नया सत्र शुरू हुआ। 11वीं-12वीं के चुने गए छात्रों को रेजिडेंशियल सुविधा के साथ तैयारी कराई जाएगी। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। मेवात विकास अभिकरण के माध्यम से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी में संचालित उत्कृष्टता केंद्र में कोचिंग सत्र का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम ‘पढ़ेगा मेवात-बढ़ेगा मेवात’ और ‘तालीम से तरक्की’ अभियान के तहत चलाया जा रहा है। इस साल 74 विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया गया है, ताकि योग्य और इच्छुक छात्रों को बेहतर तैयारी का मौका मिल सके।यह
केंद्र रेजिडेंशियल सुविधा के साथ संचालित हो रहा है, जहां छात्रों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल, मार्गदर्शन और नियमित कक्षाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बाहर महंगी कोचिंग लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिल रहा है।पिछले सत्र में इस केंद्र से जुड़े कई विद्यार्थियों ने नीट और आईआईटी-जेईई जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी। इससे नए छात्रों को भी प्रेरणा मिल रही है और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुझान बढ़ा है। इस पहल के तहत छात्रों को उच्च शिक्षण संस्थानों के वातावरण से परिचित कराने के लिए शैक्षणिक भ्रमण और विशेषज्ञों से संवाद जैसे अवसर भी दिए जाएंगे।जिला प्रशासन की ओर से छात्रों की पढ़ाई, रहने और अन्य जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही नूंह शहर में एक बड़ी लाइब्रेरी और नया एक्सीलेंस सेंटर बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है, जिससे भविष्य में और अधिक छात्रों को लाभ मिल सके।शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की पहल से मेवात क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधरेगा और अधिक छात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


