
ब्रिटिश एयरवेज कर्मचारी को चाकू घोंपने के आरोप में चार गिरफ्तार
फरीदाबाद में अपराध जांच शाखा डीएलएफ ने ब्रिटिश एयरवेज कर्मचारी पर चाकू से हमले के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी तीन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। यह घटना तब हुई जब बाइक सवारों ने शिकायतकर्ता के दोस्त को टक्कर मारी थी।
फरीदाबाद। अपराध जांच शाखा डीएलएफ की टीम ने ओल्ड फरीदाबाद चौक के पास ब्रिटिश एयरवेज कर्मचारी को चाकू घोंपने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। इनमें से एक को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है। बाकी तीन को न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया है। आरोपियों की पहचान दौलताबाद गांव निवासी अरुण, गौरव, सुमित और विपिन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग बाइक और स्कूटी भी बरामद करली है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता का साथी गाड़ी से उतर रहा था, उसी दौरान उनकी बाइक का टायर उसके पैर पर चढ़ गया था, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया।
जिसके बाद उन्होंने उनके साथ मारपीट की थी। इसी दौरान आरोपी विपिन ने चाकू निकालकर ब्रिटिश एयरवेज कर्मी पर चाकू से हमला दिया। पुलिस ने आरोपियों में से एक विपिन को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि सेक्टर-31 निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया था कि दो-तीन जनवरी की रात को वह अपने दोस्त रियान के साथ ऑफिस की गाड़ी में ड्राइवर के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों चाय पीने के लिए ओल्ड चौक, फरीदाबाद के पास रुके। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने अपनी बाइक का टायर उसके दोस्त रियान के पैर पर चढ़ा दिया, जिसको लेकर आपसी कहासुनी हो गई थी। इस दौरान बाइक सवार युवकों के दो अन्य साथी भी मौके पर आ गए थे। उन्होंने शिकायतकर्ता और उसके दोस्त के साथ मारपीट की थी। इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने चाकू निकाल लिया और बीच-बचाव कर रहे ऑफिस की गाड़ी के चालक को चाकू मार दिया था। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




